पार्षद सुरेश टाकलकर बोले- गुरु की सीख ही सुरक्षित भविष्य की नींव, मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

इंदौर। शासकीय सांदीपनि महाराजा शिवाजी राव हायर सेकेंडरी स्कूल, इंदौर में मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना “सांदीपनि पर्व” के अंतर्गत गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का अंतिम दिवस श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।
पूजा, प्राणायाम और गुरु वंदना से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत 5 मिनट के सामूहिक प्राणायाम से हुई। इसके पश्चात मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण किया गया। गुरु महिमा पर आधारित भक्ति गीतों के बाद विद्यालय की नृत्य शिक्षिका डॉ. संगीता साखरे ने मनोहारी गुरु वंदना नृत्य प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि ने गुरु के सम्मान पर दिया जोर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्र के लोकप्रिय पार्षद माननीय श्री सुरेश टाकलकर रहे। उनके साथ श्री सूर्यवंशी जी, श्री श्रीकांत शर्मा अधिकारी, एसएमसी सदस्य श्री सुरेश मौर्य एवं श्रीमती शालिनी वानखेड़े सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।पार्षद महोदय ने अपने उद्बोधन में कहा, “गुरु का मार्गदर्शन ही जीवन में आगे बढ़ने की सीढ़ी है। आज हमें प्रण लेना होगा कि गुरु द्वारा दी गई सीख से ही हमारा भविष्य सुरक्षित है। सांदीपनि पर्व हमें यही सिखाता है कि हम गुरुओं का सम्मान केवल आज ही नहीं, बल्कि जीवनभर करें। आप सभी को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं।”
कला, विज्ञान प्रदर्शनी और प्रतिभाओं का सम्मान
अतिथियों ने विद्यालय के छात्रों द्वारा बनाई गई आकर्षक कलाकृतियों, विज्ञान प्रदर्शनी एवं AI मॉडल्स का अवलोकन किया और छात्रों से संवाद भी किया। गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को अतिथियों के हाथों प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसएमसी सदस्य श्री सुरेश मौर्य ने कहा, “छात्रों, आप पढ़ाई के साथ-साथ सभी गतिविधियों में भाग लें। शिक्षक और विद्यार्थी जब साथ मिलकर प्रयास करेंगे तभी विद्यालय का नाम रोशन होगा। मुझे इस विद्यालय में आमंत्रित करने के लिए मैं आभारी हूं।”
प्राचार्या का संबोधन और सेलिब्रेशन
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती हर्षा पंडित ने छात्रों से अपील की कि वे नेक रास्ते पर चलकर देश और समाज के लिए कुछ अच्छा करें, जिससे विद्यालय और उनका नाम गौरवान्वित हो। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या महोदया के प्रमोशन की जानकारी मिलने पर समस्त शिक्षकों और छात्रों ने सामूहिक रूप से बधाई देकर सेलिब्रेशन भी किया। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने सभी शिक्षकों का पुष्प एवं तिलक लगाकर सम्मान किया। विद्यालय के उप प्राचार्य श्री सुधांशु वर्मा सहित सभी शिक्षकों ने छात्रों को आशीर्वचन प्रदान किए।सम्पूर्ण आयोजन गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को दर्शाते हुए हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।
