इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के बायपास पर बने ब्रिज के नीचे एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक युवती गंभीर और खून से लथपथ हालत में मिली। राहगिरों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर तेजाजी नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान २९ वर्षीय साहिबा पिता मोहम्मद अफसर हाल निवासी महालक्ष्मी नगर के रूप में हुई है। मृतका के दोस्त अंकुर ने बताया कि साहिबा मूल रूप से भोपाल की रहने वाली थी। वह खंडवा रोड स्थित एक ढाबे पर अपने दोस्तों के साथ खाना खाने के लिए जा रही थी। रास्ता समझ में न आने के कारण अंकुर उसे रिसीव करने के लिए तेजाजी नगर ब्रिज के समीप पहुंचा था और रास्ते में उसका इंतजार कर रहा था। जब अंकुर तेजाजी नगर बायपास ब्रिज के पास पहुंचा, तो वहां साहिबा लहूलुहान हालत में पड़ी हुई थी। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और राहगिरों ने बताया कि एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने युवती को जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगिरों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। तेजाजी नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
