इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सब्जी मंडी में दुकान के सामने लघुशंका करने जैसी मामूली बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने एक युवक पर डंडे और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में पीड़ित घायल हो गया। मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। द्वारकापुरी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रास केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। द्वारकापुरी पुलिस के अनुसार, यह वारदात फूटी कोठी रोड पर श्रीकृष्ण सॉलिटियर के सामने सब्जी मंडी में घटित हुई। पहले पक्ष की ओर से गुरु शंकर नगर निवासी फरियादी अंतिम पिता रामप्रताप सोनी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी मोहित बर्मन, छोटू बर्मन उर्फ राहुल, कालू निवासी द्वारकापुरी और राजू निवासी स्कीम नंबर ७१ झुग्गी-झोपड़ी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फरियादी अंतिम सोनी ने पुलिस को बताया कि वह सब्जी मंडी के पास लघुशंका के लिए रुका था, तभी आरोपियों ने उससे विवाद करना शुरू कर दिया और अकारण गालियां देने लगे। जब उसने गाली देने से मना किया, तो आरोपियों ने लामबंद होकर मारपीट शुरू कर दी और डंडे व चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। आरोपी जाते-जाते उसे जान से मारने की धमकी भी देकर गए। वहीं दूसरे पक्ष से फरियादी राहुल पिता नरेश बर्मन, निवासी द्वारकापुरी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी अंतिम सोनी के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी राहुल ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि आरोपी अंतिम सोनी ने विवाद करते हुए अकारण गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
