इंदौर। नया बसेरा में अवैध रूप से गांजा बेचने का विरोध करने और मोबाइल व कैमरे से रिकॉर्डिंग करने पर बदमाशों ने तीन लोगों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने फरियादी और उसके साथियों के साथ जमकर मारपीट की, डंडों से हमला कर चोट पहुंचाई तथा उनका मोबाइल और कैमरा तोड़ दिया। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर महिला सहित उसके अन्य साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आदर्श इंदिरा नगर निवासी फरियादी विनोद पिता घनश्याम चौहान ने गांधी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वह शाम को अपने साथी हीरालाल विश्वकर्मा और भैरूलाल खेर के साथ नया बसेरा गांधी नगर गया हुआ था। वहां रशीदा की मां खुलेआम गांजा बेचने का प्रयास कर रही थी। जब उन्होंने इस अवैध गतिविधि को कैमरे से रिकॉर्डिंग करना शुरू कर दिया। कैमरा देखते ही रशीदा, उसकी मां, गफ्फार और उनके अन्य साथी भड़क गए और गालियां देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी गफ्फार ने लकड़ी का डंडा उठाकर हीरालाल विश्वकर्मा पर हमला कर दिया, जिससे हीरालाल की पीठ, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। झूमाझपटी और मारपीट के दौरान भैरूलाल का चश्मा टूट गया, साथ ही उनके मोबाइल और कैमरे को भी आरोपियों ने तोड़कर नुकसान पहुंचाया। जातेजाते आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित थाने पहुंचे और आपबीती बताई। गांधी नगर थाना पुलिस ने फरियादी विनोद चौहान की रिपोर्ट पर आरोपी रशीदा, उसकी मां, गफ्फार और उनके अन्य साथियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ और धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है।
