इंदौर। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में एक सिरफिरे युवक द्वारा युवती की शादी तुड़वाने के लिए फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील कमेंट्स और गाली-गलौज वाले मैसेज भेजने का मामला सामने आया है। आरोपी युवती द्वारा दोस्ती से इंकार करने पर रंजिश रख रहा था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना च्वॉइस पैलेस कॉलोनी निवासी २६ वर्षीय पीड़िता के साथ घटित हुई। पीड़िता ने अन्नपूर्णा थाने में उपस्थित होकर आरोपी सीमित वर्मा पिता संतोष निवासी छोटी ग्वालटोली, के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पिछले कई दिनों से उसके घर के आसपास लगातार चक्कर काट रहा था और उसका पीछा कर परेशान कर रहा था। जब पीड़िता ने आरोपी से बात करने और दोस्ती करने से साफ इंकार कर दिया, तो आरोपी ने उसकी शादी तुड़वाने की साजिश रची। आरोपी ने पीड़िता और उसके परिवार के सदस्यों के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी तैयार कर ली। इसके बाद आरोपी उस फेक आईडी से पीड़िता, उसके मंगेतर, दोस्तों और ससुराल पक्ष के लोगों को लगातार अश्लील कमेंट्स और गाली-गलौज भरे मैसेज भेजने लगा। पीड़िता को जब इस बात की जानकारी लगी तो उसने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी सीमित वर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
