इंदौर। तेजाजी नगर थाना इलाके में पत्थर मुंडला के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में राहगीर युवक की मौत हो गई। मोड़ पर कार चालक द्वारा अचानक वाहन मोड़ते समय हुई जोरदार भिड़ंत में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रोशन पिता गुड्डू भगोरे निवासी धरमपुरी, जिला धार के रूप में हुई है। रोशन एक किराना दुकान पर काम करता था और वहीं से अपनी आजीविका चलाता था। गत १ सितम्बर को वह पत्थर मुंडला रोड से गुजर रहा था तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार के चालक ने अचानक लापरवाही पूर्वक वाहन को टर्न लिया और कार को सीधी और जोरदार टक्कर लगने से रोशन सड़क पर गिर पड़ा और उसे सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद राहगिरों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी और घायल रोशन को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान कल मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा एवं मामले में कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
