
नगरीय प्रशासन मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ जल संसाधन मंत्री श्री तुलसी सिलावट भी रहे मौजूद
इंदौर
केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने अपने इंदौर प्रवास के दौरान रेवती रेंज पर वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के यह निर्देश है कि यदि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ का कार्यक्रम हो तो हर मंत्री को उसमे भाग लेना चाहिये। उन्होंने कहा कि पेड़ प्रकृति के श्रंगार है और इनका गुणगान ऋषि-मुनियों ने किया है। इस कार्यक्रम में शामिल होने का मुझे अवसर प्राप्त हुआ इसके लिए मैं मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय का आभार व्यक्त करता हूं। हमारे संविधान के अध्याय 4 में नीति निदेशक तत्व दिए गए हैं, उसमें बताया गया है कि वृक्ष लगाना और उसका संरक्षण करना हर नागरिक का कर्तव्य है और कैलाश जी इंदौर के नागरिकों को इस कर्तव्य को समझा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जो ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान चलाया है उसमें देश के, हर प्रदेश के नागरिक ने भागीदारी की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार होने से दूसरे शहरों और प्रदेशों के नागरिकों को भी प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के साथ नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसी राम सिलावट, ग्रामीण अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, जनकार्य समिति अध्यक्ष राजेंद्र राठौर सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
