
खंडवा रोड स्थित अखंड परम धाम आश्रम पर सात दिवसीय ध्यान एवं योग शिविर में पहुंचे मंत्री विजयवर्गीय
इंदौर
सच्चा गुरु वही हो सकता है जो स्वयं भी सत्य जानता हो और हमें भी सत्य से रू-बरू करा सकता हो। आजकल गुरुओं की कोई कमी नहीं है। कई चिलमबाज गुरु तो ऐसे भी हैं जो अपनी चिलम से जितनी ऊँची लौ निकालते हैं, वे उतने ही बड़े गुरु कहलाते हैं। स्वयं को गुरु कहलाने वाले भी बहुत हैं। जीवन में गुरुत्व की प्राप्ति तभी संभव है जब हम जितने गहरे उतरेंगे, उतने अधिक सदगुणों के भंडार को प्राप्त करेंगे। हमारी जागरूकता ही हमें दुर्गुणों से बचाएगी।
ये प्रेरक विचार हैं राम जन्मभूमि न्यास अयोध्या के न्यासी एवं युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरि महाराज के, जो उन्होंने मंगलवार को सुबह और शाम को अखंड परम धाम सेवा समिति के तत्वावधान में खंडवा रोड स्थित अखंड परमधाम आश्रम के परमानंद सभागृह पर चल रहे सात दिवसीय 30वें ध्यान एवं योग शिविर के दौरान देशभर से आए साधकों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। राज्य के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी शिविर में पहुंचकर युगपुरुष स्वामी परमानन्द गिरि का स्वागत कर उनके शुभ आशीर्वाद प्राप्त किए। विजयवर्गीय ने भक्तों के आग्रह पर भजन “हर –हर बोले नमः शिवाय“ भी सुनाया।
शिविर को महामंडलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानंद ने भी संबोधित किया और कहा कि दुर्लभ मनुष्य जीवन इसलिए भी सर्वश्रेष्ठ माना गया है कि देवता भी मानव रूप प्राप्त करने के लिए प्रयासशील रहते हैं क्योंकि मनुष्य ही ऐसा रूप है जहाँ अमृतत्व की प्राप्ति हो सकती है। सुखी रहने के लिए गाड़ी, बंगला, कोठी की जरूरत नहीं, केवल ब्रह्म ज्ञानी स्वरुप संतों के दर्शन ही पर्याप्त होते हैं। शिविर में सुबह युगपुरुष के सानिध्य में योग एवं प्राणायाम की कक्षा में 300 से अधिक साधकों ने भाग लिया। प्रारम्भ में आश्रम परिवार की ओर से विजय शादीजा, विष्णु कटारिया, दिनेश गोयल, रामबाबू अग्रवाल, सीए विजय गोयनका, श्यामलाल मक्कड़, मुकेश राजानी, नरेन्द्र सोनी ने युगपुरुष एवं हरिद्वार से आए महामंडलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानंद, साध्वी आदित्य चेतना गिरि, साध्वी चैतन्य सिंधु का स्वागत किया। संचालन किया राजेश रामबाबू अग्रवाल ने एवं आभार माना समन्वयक विजय शादीजा ने।
आश्रम प्रबंध समिति के अध्यक्ष किशनलाल पाहवा, महामंत्री राजेश अग्रवाल एवं समन्वयक विजय शादीजा ने बताया कि खंडवा रोड स्थित अखंड परमधाम आश्रम पर 16 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 8 से 9 बजे तक और संध्या 5 से 7 बजे तक आयोजित होगा। शिविर में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में देश के विभिन्न शहरों से साधक आए हुए हैं, जिनके लिए भोजन एवं आवास की व्यवस्था खंडवा रोड स्थित आश्रम पर की गई है। शिविर एवं अन्य सभी कार्यक्रम निःशुल्क हैं, लेकिन प्रवेश के लिए ‘पहले आएं पहले पाए’ आधार पर ही व्यवस्था रहेगी।
