अब तक 700 से अधिक युगलों का पंजीयन – भारतीय सनातन संस्कृति के अनुरूप प्रस्तुतियों की शपथ

इंदौर, संस्था माहेश्वरी कुटुम्ब की मेजबानी में इस बार भी परम्परागत गरबा रास महोत्सव का दिव्य आयोजन 13 से 15 अक्टूबर तक स्कीम 71, रिंग रोड स्थित ब्लू लोटस गार्डन पर आयोजित होगा। गरबा के लिए प्रशिक्षण का दौर 9 से 12 अक्टूबर तक आयोजित होगा। महोत्सव में 10 वर्ष के बच्चों से लेकर समाज की युवती एवं महिलाएं भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर माता रानी की आराधना करेंगी।
महोत्सव संयोजक शारदा-प्रकाश अजमेरा ने बताया कि गरबे के लिए आयोजित चार दिवसीय प्रशिक्षण में अब तक 700 से अधिक युगल प्रतिभागियों के पंजीयन हो चुके हैं। प्रशिक्षण के लिए जानी-मानी महिला प्रशिक्षक और अन्य विशेषज्ञ आमंत्रित किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर भव्य मंच, कलाकारों के लिए ग्रीन रूम तथा अन्य पर्याप्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं। अहमदाबाद की प्रख्यात इवेंट कंपनी के कार्यकर्त्ता इस महोत्सव की व्यवस्थाएं संभालेंगे। गुरुवार को ब्लू लोटस गार्डन पर आयोजित पहली बैठक में महोत्सव की तैयारियों पर विचार मंथन भी किया गया और उपस्थित समाज बंधुओं ने एक स्वर से भारतीय संस्कृति के अनुरूप हो रहे इस गरबा महोत्सव को पूरी शालीनता एवं गरिमा के साथ सफल बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया। बैठक में नीलू मालपानी, सुमन सोनी, पायल लाठी, राखी अजमेरा, ज्योति भारानी, स्वाति तापडिया, सपना मालू, प्रियंका भल्लिका, पायल मालपानी, वर्षा पोरवाल, कविता अजमेरा, विनिता माहेश्वरी, वृंदा बाहेती, मंजू जाजू सहित बड़ी संख्या में समाज की बहनों ने अपने सुझाव रखे। महोत्सव में होने वाली गरबा प्रस्तुतियों का संचालन 13 से 15 अक्टूबर तक माधुरी सोमानी करेंगी। बैठक में सभी बहनों ने महोत्सव को समाज की गरिमा के अनुरूप सार्थक बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
