इंदौर। शहर के भंवरकुआं और छत्रीपुरा थाना क्षेत्रों में चोरी की दो अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं। भंवरकुआं इलाके में एक छात्र जब वॉशरूम गया, तो चोर उसका लैपटॉप और मोबाइल लेकर रफूचक्कर हो गया। वहीं छत्रीपुरा क्षेत्र में स्वास्तिक नगर स्थित एक मकान का दरवाजा खुला पाकर घुसे बदमाशों ने अलमारी का ताला तोड़कर सोने के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। लेपटॉप और मोबाइल चोरी की घटना भंवरकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्रह्मपुरी कॉलोनी भोलाराम उस्ताद मार्ग की है। मूल रूप से खरगोन निवासी छात्र युवराज सिंह पिता भारतसिंह सोलंकी ने पुलिस को बताया कि वह अपने कमरे के वॉशरूम में गया था। कुछ देर बाद जब वह बाहर आया, तो कमरे में रखा उसका लैपटॉप और मोबाइल गायब मिला। आसपास और संभावित स्थानों पर तलाश करने के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद पीड़ित छात्र ने थाने पहुंचकर अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। दूसरी घटना छत्रीपुरा थाना क्षेत्र के स्वास्तिक नगर की है। फरियादी अरमान पिता रजनीश कपूर ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उनके घर के ऊपरी हिस्से में स्थित टावर का दरवाजा खुला हुआ था। जब उन्होंने और उनकी पत्नी हर्षिता ने अंदर जाकर देखा, तो घर का पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और गोदरेज की अलमारी का लॉक टूटा हुआ था। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे सोने के तीन जोड़ी कान की बाली, एक सोने का मंगलसूत्र, सोने की चेन, सोने की चूड़ियां और नकदी रुपये गायब थे।
