इंदौर। बेटमा थाना क्षेत्र में खाने की बात को लेकर हुआ मामूली विवाद अगले दिन खूनी संघर्ष में बदल गया। रात में ग्रामीणों की समझाइश के बाद हुए समझौते के बावजूद दूसरे पक्ष ने पुरानी रंजिश रखते हुए सुबह एकजुट होकर हमला कर दिया। लाठी-डंडों, रॉड और सरिए से किए गए इस हमले में एक ही पक्ष के ९ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, सीकर निवासी फरियादी हंसराज पिता सागरमल जाट की शिकायत पर आरोपी संदीप डावर, लखन गिरवाल, अंकित मकवाना, जय और उनके अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। घटना की शुरुआत बीती रात खाने की बात को लेकर हुई थी, जब सत्यनारायण शर्मा का विवाद आरोपी बच्चू और लखन से हो गया था। उस समय आसपास के लोगों ने बीचबचाव कर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था लेकिन आरोपी पक्ष रंजिश मन में बैठाए रहा। अगली सुबह आरोपियों ने फिर से विवाद शुरू कर दिया। जब हंसराज और उनके साथियों ने अकारण विवाद का विरोध किया तो आरोपियों ने अचानक लाठी- डंडों, लोहे की रॉड और सरियों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में हंसराज, कमल, छोटू, शंभु, सत्तु शर्मा, अर्जुन, फुल कुमार, भूमि और संजय को सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायलों को बचाया। जाते-जाते आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
