इंदौर। सिमरोल क्षेत्र में कनाड़ नदी पुलिया के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात आयशर वाहन चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बाइक सवार किशोर को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला।पुलिस के मुताबिक नयागांव निवासी शिवा पिता प्यारसिंह अहिर (17) रक्षाबन्धन के लिए अपनी बहन को लेने के लिए ठेकेदार की मोटरसाइकिल से उदयनगर देवास जा रहा था। ग्राम घोसिखेड़ा के पास कनाड़ नदी पुलिया पर सामने से आई तेज रफ्तार आयशर गाड़ी के चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में शिवा के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से 108 एम्बुलेंस के जरिए उसे मध्यभारत अस्पताल मऊ ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिमरोल थाना पुलिस ने अज्ञात आयशर वाहन के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
