इंदौर। खुड़ैल इलाके में स्थित आरोग्यम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ महिला सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के साथ उनके ही समकक्ष सहकर्मी द्वारा चाकू की नोक पर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता को परिवार को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। खुड़ैल थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने शिकायत में बताया कि केंद्र में ही उसके समकक्ष पद पर कार्यरत सोहेल शेख काफी समय से उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। सुबह जब पीड़िता स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, तो आरोपी सोहेल उसे ऊपर की मंजिल पर विजिट के बहाने ले गया। वहां ले जाकर आरोपी ने अचानक कमरा बंद कर दिया और पीड़िता का मुंह दबाकर उसे जमीन पर पटक दिया। इसके बाद जेब से चाकू निकालकर गर्दन पर अड़ा दिया और पीड़िता व उसके परिवार को खत्म करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। खुड़ैल पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
