इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र के संगम नगर में किराए के मकान में रहने वाले ३५ वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि सीने में दर्द और हार्ट अटैक आने के कारण युवक बाथरूम में गिर पड़ा, जिससे उसकी जान चली गई। पुलिस के अनुसार, मृतक मानसिंह पिता मुरारीलाल (३५) निवासी संगम नगर है। मानसिंह मूल रूप से आगरा का रहने वाला था और यहाँ किराए का कमरा लेकर रहकर ड्राइविंग का काम करता था। घटना के वक्त वह बाथरूम में गया था, जहां अचानक तबीयत बिगड़ने और हार्ट अटैक आने से वह वहीं बेसुध होकर गिर पड़ा। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने देखा तो वह अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
