इंदौर। तुकोगंज थाना क्षेत्र के रुस्तम का बगीचा इलाके में समूह लोन की किश्त वसूलने गए एक फाइनेंस रिकवरी एजेंट के साथ मारपीट की गई।किश्त के पैसे जुटाने के दौरान महिला ग्राहक के पति और उसके दोस्त ने मौके पर पहुंचकर एजेंट के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-थप्पड़ों से मारपीट कर दी। तुकोगंज पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी और उसके साथी पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पुमार्थ ग्रुप कॉलोनी मांगलिया निवासी पवन गुर्जर पिता भोलू सिंह गुर्जर, मूल निवासी- ग्राम आगरी, जिला देवास ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि वह रुस्तम का बगीचा निवासी अपनी ग्राहक रोशनी से समूह लोन की किश्त की राशि लेने गया था। रोशनी ने किश्त के आधे पैसे दे दिए थे और बाकी पैसों का इंतजाम करने के लिए पवन को थोड़ा रुकने को कहा। इसी बीच रोशनी का पति विजय अपने एक साथी के साथ एक्टिवा स्कूटर से वहां पहुंचा और पवन को देखते ही अश्लील गालियां देने लगा। पवन ने जब गालीगलौज करने से मना किया, तो दोनों आरोपियों ने एकमत होकर पवन के साथ थप्पड़मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
