
भक्तों में किया गया लड्डू प्रसाद का वितरण-दस दिनों तक अलग-अलग किस्म के लड्डुओं का भोग भी लगेगा
इंदौर खजराना स्थित सिद्धि विनायक गणेश मंदिर पर चल रहे बारह दिवसीय गणेश महोत्सव में बुधवार को भक्तों की मौजूदगी ने अब तक के सारे कीर्तिमान ध्वस्त कर दिए। सुबह से शाम तक करीब ढाई लाख भक्तों ने मन्दिर पहुंचकर गणेशजी के दर्शन पूजन किए।
भक्त मंडल के अरविन्द बागड़ी, कैलाश पंच एवं पार्षद पुष्पेन्द्र पाटीदार ने बताया कि मंगलवार शाम को भक्त मंडल की ओर से मोतीचूर के 20 हजार लड्डुओं का भोग खजराना गणेश को समर्पित किया गया था और आज शाम को विनोद-अनिता नागोरी परिवार की ओर से बेसन के 20 हजार लड्डुओं का भोग मन्दिर में पूजा अर्चना के बाद सर्मपित किया गया। मंदिर के मुख्य पुजारी पं. अशोक भट्ट, पं. सुमित भट्ट एवं जयदेव भट्ट द्वारा वैदिक मंगलाचरण के बीच बेसन के लड्डुओं का प्रसाद भक्तों में वितरण किया गया। प्रसाद वितरण के लिए मंदिर के प्रबंधक गौरीशंकर मिश्रा एवं घनश्याम शुक्ला के मार्गदर्शन में भक्त मंडल से जुड़े सुभाष नायक, दिलीप सर, गोकुल पाटीदार, वासुदेव पाटीदार सहित 21 कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को भी जिम्मेदारी संभाली। गुरुवार को समाजसेवी बीआर गोयल परिवार की ओर से चंवले के लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा।
