
इंदौर मरीमाता चौराहा स्थित श्री सिद्ध विजय गणेश मंदिर पर बुधवार को गणेशोत्सव के तीसरे दिन गणेशजी की दिव्य प्रतिमा का पुणे के दगड़ू सेठ के रुप में आकर्षक श्रृंगार किया गया। देर रात तक मंदिर पर भक्तों की कतारें लगी रहीं। मंदिर पर सुबह एवं शाम को 11 विद्वानों ने मंत्रोच्चार के बीच दूध एवं फल-फूल से अभिषेक कर गणेशजी को छप्पन भोग समर्पित किए। महोत्सव में प्रतिदिन रात 8.30 से 9 बजे तक महाआरती हो रही है। बुधवार को विधायक गोलू शुक्ला, पूर्व पार्षद राजेंद्र शुक्ला, पूर्व विधायक संजय शुक्ला, अन्जनेश, रुद्राक्ष सहित क्षेत्र के अनेक पार्षदों एवं श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर मालवांचल में सुखद वर्षा के लिए प्रार्थना की।
संयोजक एवं विधायक गोलू शुक्ला ने बताया कि मंदिर पर श्रृंगार दर्शन एवं चौराहे पर भक्तों की सुविधा के लिए समुचित प्रबंध किए गए हैं। मंदिर के प्रवेश द्वार एवं दाएं-बाएं बेरिकेट्स लगाकर भक्तों को नियंत्रित करने की व्यवस्था की गई है, ताकि चौराहे का यातायात बाधित न हो सके। महोत्सव के तीसरे दिन भी सिद्ध विजय गणेश के दर्शनार्थ भक्तों का सैलाब उमड़ता रहा। मंदिर पर देर रात तक भक्तों का सैलाब बना रहा। मंदिर पर आकर्षक पुष्प एवं विद्युत सज्जा भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
महोत्सव में पूरे बारह दिनों तक प्रतिदिन रात 8.30 बजे से महाआरती के बाद 9 बजे से भजन संध्या एवं अन्य धार्मिक आयोजन भी होंगे। मंदिर के पुजारी पं. प्रेमनारायण शास्त्री, पं. महेंद्र शर्मा, राजेंद्र शास्त्री के निर्देशन में भगवान के नित्य नूतन श्रृंगार का सिलसिला पहले दिन से ही जारी है। पं. चिराग तिवारी ने दगड़ू सेठ के रूप में सिद्ध विजय गणेश का इतना मनमोहक श्रृंगार किया कि दर्शक देखते ही रह गए। पुष्प एवं विद्युत सज्जा के कारण समूचे मंदिर परिसर एवं गर्भगृह के दर्शनों का आकर्षण लगातार बढ़ता जा रहा है। देर रात तक मंदिर पर 25 हजार से अधिक भक्तों ने कतारों में लगकर दर्शन किए। महिला एवं पुरूषों के लिए यहां पृथक कतारों में दर्शन एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।
