
सुबह से लेकर देर रात तक होंगे अनेक कार्यक्रम
इंदौर मनोरमागंज स्थित गीता भवन पर इस वर्ष भी शनिवार 19 सितम्बर को राधा अष्टमी महोत्सव का दिव्य आयोजन होगा। गीता भवन की परम्परा के अनुरूप लाडली जी और भगवान श्रीकृष्ण का अद्भुत और अलौकिक श्रृंगार तो होगा ही, दोपहर में राधारानी की पालकी यात्रा भी धूमधाम से निकाली जाएगी। सुबह से देर रात तक विभिन्न आयोजन होंगे।
ट्रस्ट के अध्यक्ष राम ऐरन, मंत्री रामविलास राठी एवं मनोहर बाहेती ने बताया कि राधा अष्टमी के उपलक्ष्य में गीता भवन पर सुबह 5 बजे मंगला आरती, दोपहर 12 बजे राजभोग आरती और उसके बाद गीता भवन से मनोरमागंज, कैलाश पार्क, मिश्र नगर और शांतिनगर होते हुए भव्य पालकी यात्रा भी निकाली जाएगी जिसमें लाडली जी को भगवान कृष्ण के साथ मनोहारी श्रृंगार में सज्जित कर विराजित किया जाएगा। पालकी यात्रा पुनः गीता भवन पहुंचेगी जहाँ शाम 5 बजे जन्मोत्सव आरती एवं प्रसाद वितरण के बाद शाम 7 बजे से गीता भवन महिला मंडल एवं अन्य भक्तों द्वारा विशेष भजन संकीर्तन के कार्यक्रम होंगे। रात 10 बजे शयन आरती के साथ समापन होगा। राधा अष्टमी पर गीता भवन में पूरे दिन सभी कार्यक्रमों में भक्तों की भागीदारी एवं दर्शन पूजन के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
विशेष प्रवचन भी होंगे – राधा अष्टमी के उपलक्ष्य में गोंडा, यूपी से आए पं. प्रहलाद मिश्र रामायणी के विशेष प्रवचन भी शनिवार 19 सितम्बर को सुबह 9 से 10 एवं शाम 5.30 से 6.30 बजे तक होंगे।।
