श्रीअग्रसेन महासभा की मेजबानी में कल से शुरू हो रहे दो दिनी अभा परिचय सम्मेलन की तैयारियां पूरी

इन्दौर अग्रवाल समाज की अग्रणी और प्रतिष्ठित संस्था श्रीअग्रसेन महासभा की मेजबानी में 19-20 सितम्बर को राजीव गाँधी चौराहा स्थित शुभकारज गार्डन पर सुबह 10 से शाम 6 बजे तक आयोजित किए जा रहे अ.भा. अग्रवाल निशुल्क युवक-युवती परिचय सम्मेलन के लिए अब तक प्राप्त होने वाली प्रविष्ठियों की संख्या 2500 के पार पहुँच गई है। देश के अलावा विदेशों में ऊँचे पैकेज अथवा स्वयं के कारोबार में स्थापित करीब 12 राज्यों से आई इन प्रविष्ठियों में अधिकांश प्रत्याशी डॉक्टर्स, इंजीनियर्स, सीए, एमबीए, एमसीए, सीएस सहित अनेक उच्च उपाधियाँ प्राप्त हैं।
गुरुवार को राज्य के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस सम्मेलन की बहुरंगी परिचय पुस्तिका का लोकार्पण करते हुए महासभा के पदाधिकारियों को इस सुंदर और व्यवस्थित आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ भी दी। इस अवसर पर महासभा के अध्यक्ष राजेश जिंदल, सचिव अनूप सिंघल एवं सम्मेलन के प्रमुख संयोजक मोहनलाल बंसल ने बताया कि सम्मेलन में आने वाले प्रत्याशियों एवं पालकों की सुविधा के लिए अनेक इंतजाम किए जा रहे हैं। अब तक पंजीकृत हो चुके प्रत्याशियों के सचित्र परिचय इस पुस्तिका में प्रकाशित किए गए हैं और इन सभी को सम्मेलन में मंच पर पहुंचकर अपना परिचय देने का अवसर भी मिलेगा और इन्हें परिचय पुस्तिका भी निशुल्क प्रदान की जाएगी। लोकार्पण अवसर पर महासभा के अरुण आष्टावाले, सतीश मंगल, गोपाल गुप्ता, संजय पाटनी, त्रिलोक अग्रवाल, प्रमोद बिंदल सहित अनेक सहयोगी बंधु उपस्थित थे।
सम्मेलन स्थल पर समाज बंधुओं को किसी तरह की असुविधा न हो इसलिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियों का बटवारा कर दिया गया है। सम्मेलन में अधिक से अधिक रिश्ते तय कराने और श्रेष्ठ चयन के लिए महासभा के 11 सदस्यों की समिति दोनों दिन सम्मेलन स्थल पर अपनी सेवाएँ देंगी। बाहर से आने वाले प्रत्याशियों, पालकों तथा अन्य मेहमानों के लिए स्वल्पाहार, चाय, भोजन, पेयजल, वाहन पार्किंग, सुरक्षा एवं साफ़ सफाई सहित समुचित बैठक, मेगा स्क्रीन एवं मंच सहित विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही है।
