
नगरीय विकास मंत्री विजयवर्गीय एवं भाजपा के प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने भी की पूजा अर्चना-उमड़ रहा भक्तों का सैलाब
इंदौर मरीमाता चौराहा स्थित श्री सिद्ध विजय गणेश मंदिर पर भी दिनोंदिन भक्तों की संख्या और कतार बढती जा रही है। गुरुवार को यहाँ गणेशोत्सव के चौथे दिन सिद्ध विजय गणेश को मनमोहक गणेश के रूप में पगड़ी-साफा बांधकर इतने आकर्षक रूप में श्रृंगारित किया गया कि देखने वालों की नजरें एकटक जमी रहीं। सैकड़ों मोबाइल कैमरों में सिद्ध विजय गणेश की यह मनमोहक छवि कैद होती रही। मंदिर पर देर रात तक भक्तों की कतारें लगी रहीं। राज्य के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं भाजपा के प्रदेश संगठन प्रभारी महेंद्र सिंह ने भी मंदिर पहुंचकर सिद्ध विजय गणेश की पूजा अर्चना कर आरती में भी भाग लिया और प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि एवं सदभाव की प्रार्थना की। महिला एवं पुरूषों के लिए यहां पृथक कतारों में दर्शन एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।
संयोजक एवं विधायक गोलू शुक्ला ने बताया कि सुबह एवं शाम को 11 विद्वानों ने मंत्रोच्चार के बीच दूध एवं फल-फूल से अभिषेक कर गणेशजी को छप्पन भोग समर्पित किए। महोत्सव में प्रतिदिन रात 8.30 से 9 बजे तक महाआरती हो रही है। बुधवार रात को मंत्री विजयवर्गीय एवं भाजपा के प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने मंदिर पहुंचकर सिद्ध विजय गणेश की पूजा अर्चना के बाद आरती भी की और भक्तों में प्रसाद का वितरण भी किया। विधायक गोलू शुक्ला ने उनकी अगवानी कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। मंदिर में हजारों भक्तों की मौजूदगी देखकर नेता द्वय ने प्रसाद वितरण का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद राजेंद्र शुक्ला, पूर्व विधायक संजय शुक्ला, कमल शुक्ला, बब्बी शुक्ला, अन्जनेश, रुद्राक्ष, दीपेन्द्र सिंह सोलंकी सहित क्षेत्र के अनेक पार्षदों एवं श्रद्धालुओं ने भी अतिथियों का स्वागत किया।
शुक्ला ने बताया कि मंदिर पर श्रृंगार दर्शन एवं चौराहे पर भक्तों की सुविधा के लिए समुचित प्रबंध किए गए हैं। मंदिर के प्रवेश द्वार एवं दाएं-बाएं बेरिकेट्स लगाकर भक्तों को नियंत्रित करने की व्यवस्था की गई है, ताकि चौराहे का यातायात बाधित न हो सके। महोत्सव के चौथे दिन भी सिद्ध विजय गणेश के दर्शनार्थ भक्तों का सैलाब उमड़ता रहा। मंदिर पर आकर्षक पुष्प एवं विद्युत सज्जा भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
महोत्सव में पूरे बारह दिनों तक प्रतिदिन रात 8.30 बजे से महाआरती के बाद 9 बजे से भजन संध्या एवं अन्य धार्मिक आयोजन भी चल रहे हैं। मंदिर के पुजारी पं. प्रेमनारायण शास्त्री, पं. महेंद्र शर्मा, राजेंद्र शास्त्री के निर्देशन में भगवान के नित्य नूतन श्रृंगार का सिलसिला पहले दिन से ही जारी है। पं. चिराग तिवारी ने मनमोहक गणेश के रूप में सिद्ध विजय गणेश का इतना मनोहारी श्रृंगार किया कि दर्शक देखते ही रह गए। पुष्प एवं विद्युत सज्जा के कारण समूचे मंदिर परिसर एवं गर्भगृह के दर्शनों का आकर्षण लगातार बढ़ता जा रहा है। देर रात तक मंदिर पर 25 हजार से अधिक भक्तों ने कतारों में लगकर दर्शन किए।
