
खेत में बने घर में कृषक के साथ बैठकर जानी प्राकृतिक खेती की प्रक्रिया, फसलों का किया अवलोकन
इंदौर
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत इंदौर संभागायुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार एवं झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने झाबुआ जिले के खेड़ी ग्राम में कृषक श्री विमल भाबोर के खेत का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने खेत में बने घर में कृषक के साथ बैठकर प्राकृतिक एवं जैविक खेती के संबंध में विस्तार से चर्चा की तथा प्राकृतिक कृषि पद्धति अपनाने के उनके अनुभवों की जानकारी प्राप्त की।
कल्याणपुरा क्षेत्र में 125 किसानों का क्लस्टर तैयार कर जैविक एवं प्राकृतिक कृषि को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी पहल से जुड़कर कृषक श्री विमल भाबोर भी प्राकृतिक एवं जैविक पद्धति से खेती कर रहे हैं। उनकी जैविक खेती का वर्तमान में दूसरा वर्ष है तथा जैविक प्रमाणीकरण की प्रक्रिया प्रथम चरण में है।
कृषक श्री भाबोर ने संभागायुक्त एवं कलेक्टर को बताया कि उनके खेत में साठी मक्का की फसल लगाई गई है। फसल की स्थिति अच्छी है और वर्तमान में किसी प्रकार का कीट प्रकोप नहीं हुआ है। इस दौरान संभागायुक्त श्री लाक्षाकार एवं कलेक्टर डॉ. भरसट ने खेत में उत्पादित साठी मक्का के भुट्टे का स्वाद भी लिया और कृषक से फसल की गुणवत्ता तथा उत्पादन संबंधी जानकारी प्राप्त की।
कृषक श्री भाबोर ने बताया कि उनके द्वारा प्राकृतिक एवं जैविक पद्धति से गेंदे के फूल, विभिन्न प्रकार की सब्जियां, पपीता एवं ड्रैगन फ्रूट की खेती भी की जा रही है। संभागायुक्त श्री लक्षकार एवं कलेक्टर डॉ. भरसट ने खेत में विभिन्न फसलों का अवलोकन किया तथा कृषक से उत्पादन, फसल प्रबंधन, प्राकृतिक कृषि पद्धतियों के उपयोग और खेती से जुड़े अनुभवों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
भ्रमण के दौरान संभागायुक्त श्री लाक्षाकार ने प्राकृतिक खेती में उपयोग किए जाने वाले जीवामृत, प्राकृतिक कीटनाशक, माइकोराइजा एवं दशपर्णी काढ़ा तैयार करने की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। उन्होंने इनके निर्माण की विधि, उपयोगिता तथा फसलों में इनके उपयोग के संबंध में कृषक से जानकारी प्राप्त की।
चर्चा के दौरान प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को साझा मंच उपलब्ध कराने तथा किसानों के अनुभवों एवं बेहतर कृषि पद्धतियों के परस्पर आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया गया। क्लस्टर आधारित प्राकृतिक खेती को और अधिक प्रोत्साहित करने के साथ ही किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा जैविक प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश मंडलोई, उप संचालक कृषि श्री एस.एस. चौहान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
