श्री सिलावट ने पशु औषधालयों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का माना आभार
पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर मिलेगा पशुओं के उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
इंदौर
जल संसाधन मंत्री एवं सांवेर विधायक तुलसीराम सिलावट के प्रयासों से सांवेर विधानसभा क्षेत्र में पशुपालकों और पशुओं के लिए महत्वपूर्ण सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सांवेर विधानसभा क्षेत्र में 3 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से 13 स्थानों पर पशु औषधालयों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन पशु औषधालयों के निर्माण से क्षेत्र में पशुओं के उपचार, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक पशु चिकित्सा सेवाओं की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी।
मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार पशुपालन से जुड़े हैं। पशुपालकों को अपने पशुओं के उपचार के लिए कई बार दूर स्थित पशु चिकित्सा केंद्रों पर जाना पड़ता है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सांवेर विधानसभा क्षेत्र में नवीन पशु औषधालयों के निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराते हुए स्वीकृति का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा इस मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए 13 पशु औषधालयों के निर्माण के लिए स्वीकृति आदेश जारी किया गया है।
13 स्थानों पर होंगे पशु औषधालयों के निर्माण
स्वीकृत पशु औषधालयों का निर्माण नगर परिषद सांवेर, ग्राम टोडी, धरमपुरी, डकाच्या, बड़ोदिया खान, बारोली, टाकुन, बधाना, कछालिया, बसान्द्रा, बरलाई जागीर तथा कुडाना सहित क्षेत्र के निर्धारित स्थानों पर किया जाएगा। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को पशुओं के उपचार के लिए बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
नवीन पशु औषधालयों के निर्माण से पशुओं में होने वाली विभिन्न मौसमी एवं संक्रामक बीमारियों के उपचार के साथ-साथ नियमित स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। इसके अलावा पशुओं की प्रसूति संबंधी आवश्यकताओं तथा अन्य पशु चिकित्सा सेवाओं के लिए भी पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर सुविधा मिल सकेगी। इससे पशुओं के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल के साथ पशुपालकों को समय और संसाधनों की बचत होगी।
मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने सांवेर विधानसभा क्षेत्र में 13 पशु औषधालयों के निर्माण के लिए 3 करोड़ 35 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान करने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के साथ-साथ पशुपालकों के हितों और पशुधन के संरक्षण के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। सांवेर क्षेत्र में पशु औषधालयों की स्वीकृति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
