इंदौर बाणगंगा थाना क्षेत्र के शिवकंठ नगर रोड पर लिफ्ट देने के बहाने एक बुजुर्ग के साथ बाइक सवार बदमाश ने मारपीट कर दी।बाइक सवार बदमाश बुजुर्ग को घर छोडऩे का झांसा देकर जबरन अंधेरे और सुनसान रास्ते की ओर ले जाने लगा। जब पीडि़त ने विरोध किया, तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज और हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोट आई है। पीडि़त की शिकायत पर बाणगंगा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाणगंगा पुलिस के अनुसार, फरियादी साहेबदीन पिता बुद्धई गौतम मूल निवासी ग्राम व जिला गोंडा, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी शिवकंठ नगर, इंदौर ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पीडि़त बुजुर्ग ने बताया कि वे रास्ते में पैदल जा रहे थे, तभी एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार उनके पास रुका। आरोपी ने उन्हें शिवकंठ नगर तक छोडऩे की बात कहकर अपनी बाइक पर बैठा लिया। पीडि़त जब उसकी बाइक पर बैठ गए, तो कुछ दूरी पर जाने के बाद आरोपी गाड़ी को मुख्य रास्ते से हटाकर अंधेरे और सुनसान क्षेत्र की ओर ले जाने लगा। अनहोनी की आशंका जताते हुए जब साहेबदीन ने उसे गाड़ी रोकने को कहा, तो आरोपी भडक़ गया और सरेराह गालियां देने लगा। बुजुर्ग द्वारा गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी ने गाड़ी रोककर उनके साथ हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने पीडि़त को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वे असंतुलित होकर सडक़ पर नीचे गिर पड़े। नीचे गिरने से बुजुर्ग के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी बाइक लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। बाणगंगा थाना पुलिस ने फरियादी साहेबदीन गौतम की रिपोर्ट पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
