इंदौर। लसूडिय़ा थाना क्षेत्र में रंजिश के चलते एक युवक और उसके दोस्त के साथ गाली-गलौज, मारपीट और कांच की बोतल से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले तो फरियादी को फोन करके मिलने बुलाया, फिर कैफे के बाहर ले जाकर उसके दोस्त के साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढऩे पर आरोपी ने बीयर की बोतल फोडक़र जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें बीच-बचाव करने आया युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीडि़त की शिकायत पर लसूडिय़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पंचशील नगर लोहा मंडी निवासी विनायक शर्मा पिता मुकेश शर्मा ने थाने पहुंचकर आपबीती दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि आरोपी राहुल यादव ने उसे फोन करके मुलाकात करने के लिए बुलाया था। मुलाकात के दौरान आरोपी राहुल, विनायक के दोस्त गोपाल को बिना वजह गालियां देने लगा। पास में ही ‘हब’ के पास पुलिस की मौजूदगी देखकर आरोपी सभी को फिरंगी कैफे के सामने ले गया, जहां राहुल और उसके सहयोगियों ने विनायक व गोपाल के साथ अश्लील गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। विवाद के दौरान गुस्साए आरोपी राहुल ने अचानक बीयर की खाली बोतल फोड़ी और गोपाल पर वार करने के लिए दौड़ा। जब विनायक ने अपने दोस्त गोपाल को बचाने के लिए तुरंत बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो कांच की टूटी बोतल का वार विनायक के दाहिने हाथ की अंगुली पर लग गया। हमले में अंगुली कट जाने से खून बहने लगा, जिसके बाद आरोपी मौके से धमकी देते हुए फरार हो गए।
