इंदौर आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे चैकिंग अभियान के तहत आजाद नगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पालदा नाका क्षेत्र स्थित एक मकान पर दबिश देकर बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों के अवैध रूप से रखे गए पटाखों का विशाल जखीरा बरामद किया है। मौके से पुलिस ने मकान मालिक को गिरफ्तार कर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के कुल 69 कार्टून पटाखे जब्त किए हैं।
आरोपी के खिलाफ बीएसएन और विस्फोटक अधिनियम की गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आजाद नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि पालदा नाका क्षेत्र में एक रिहायशी मकान के भीतर भारी मात्रा में अवैध पटाखों का भंडारण करके रखा गया है, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए ठिकाने पर छापा मारा। तलाशी लेने पर मकान के भीतर से पटाखों से भरे 69 बड़े कार्टून बरामद हुए, जिनके भंडारण के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या अनुमति दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। जब्त किए गए पटाखों की कुल अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ही अवैध भंडारण करने वाले मकान मालिक आरोपी किशन उर्फ कृष्णगोपाल खण्डेलवाल पिता सीताराम खण्डेलवाल, निवासी पालदा नाका को हिरासत में ले लिया। आरोपी का यह कृत्य मानव जीवन और जनसुरक्षा को खतरे में डालने वाला पाए जाने पर उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 223 (ए) एवं धारा 9 (ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आजाद नगर थाना पुलिस ने सभी 69 कार्टून पटाखों को ज़ब्ती पत्रक के अनुसार विधिवत जब्त कर लिया है और आरोपी से पटाखों की खरीदीबिक्री तथा सप्लाई चेन के संबंध में आगे की पूछताछ की जा रही है।
