इंदौर
एरोड्रम थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में हस्तशिल्प व्यापारी की मौत हो गई। हादसा मेट्रो निर्माण कार्य के चलते सड़क पर रखे गए अस्थाई कंक्रीट डिवाइडर से बाइक टकराने के कारण हुआ। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को राहगिरों की मदद से तत्काल एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। एरोड्रम थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हादसे का शिकार हुए मृतक ४४ वर्षीय कमल पिता दुगार्शंकर वाघेला, निवासी महावीर कृष्ण एवेन्यू है। कमल हस्तशिल्प सामग्री के कारोबारी थे और उनके परिवार में दो बेटियां व एक बेटा है। घटना रविवार रात करीब १२ बजे की है, जब कमल अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहे थे। घर के पास पहुंचते ही दोस्त अपने रास्ते मुड़ गए, जबकि कमल कुछ ही दूरी पर हादसे का शिकार हो गए। परिजनों का आरोप है कि मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए सड़क पर बिना किसी स्पष्ट संकेतक के रखे गए डिवाइडर से टकराने के कारण यह जानलेवा दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कमल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। राहगिरों ने उन्हें तुरंत एमवाय अस्पताल भिजवाया, लेकिन सिर में गंभीर चोट आने के कारण डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
