इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में सड़क पर वाहन आगे निकालने और साइड न देने के मामूली विवाद ने तूल पकड़ लिया। कार सवार बदमाशों ने एक दंपती की गाड़ी को ओवरटेक कर रोका और उनके साथ सरेराह गालीगलौच तथा मारपीट की। पुलिस ने पीड़ित पति की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, स्कीम नंबर १३६ निवासी रितिक पिता राजकुमार जैन ने लसूड़िया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बीती शाम वे अपनी पत्नी मुस्कान के साथ कार से गणेश नगर जा रहे थे। जब वे बावड़ी हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, तो पीछे से तेज गति से आ रही एक अन्य कार एमपी ०७ सीजे ६५५० के चालक ने उन्हें गलत तरीके से ओवरटेक किया और अभद्र गालियां देने लगा। जब फरियादी रितिक ने कार चालक को इस तरह गाली देने से टोका, तो आरोपी और उसका साथी तैश में आ गए। आरोपियों ने अपनी कार उनके वाहन के आगे अड़ा और दोनों नीचे उतरकर आ गए। इसके बाद आरोपियों ने रितिक और उनकी पत्नी के साथ जमकर गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। घटना के बाद पीड़ित दंपती ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।लसूड़िया पुलिस ने फरियादी रितिक जैन की रिपोर्ट पर कार चालक प्रदीप जैन निवासी स्कीम नंबर १३६ और उसके अन्य साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
