वृद्धाश्रम, घरों तक भोजन, चिकित्सा उपकरण बैंक, रक्तदान, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण सहित 20
से अधिक सेवा प्रकल्पों के जरिए समाज में बना रहे बदलाव की मिसाल, 11 ट्रस्टी संभाल रहे जिम्मेदारी

इंदौर सेवा का संकल्प जब सामूहिक प्रयास से जुड़ता है तो छोटी-सी पहल भी बड़े बदलाव का माध्यम बन जाती है। इंदौर के गोल्ड कॉईन सेवा ट्रस्ट की कहानी इसकी मिसाल है। वर्ष 2014 में करीब 70 मित्रों के एक व्हाट्सएप ग्रुप से शुरू हुआ सेवा का यह सफर आज अनेक प्रकल्पों के माध्यम से हजारों परिवारों और लाखों लोगों तक पहुंच चुका है। वृद्धजनों की देखभाल, घर-घर भोजन पहुंचाने, चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने, रक्त की व्यवस्था, बच्चों की शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, पशु-पक्षियों की सेवा और जरूरतमंद परिवारों के सामूहिक विवाह जैसे कार्यों के जरिए ट्रस्ट लगातार समाज के बीच अपनी अलग पहचान बना रहा है।
ट्रस्ट की शुरुआत वर्ष 2014 में हुई, जब शहर के एक युवा संजय अग्रवाल ने अपने करीब 70 मित्रों को जोड़कर ‘माय गोल्ड कॉईन्स’ नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया। सभी ने तय किया कि जन्मदिन और परिवार के अन्य शुभ अवसरों पर उत्सव मनाने के बजाय जरूरतमंदों के बीच सेवा कार्य किए जाएंगे। इसके बाद ग्रुप के सदस्य वृद्धाश्रमों और अस्पतालों में जाकर सेवा करने लगे। उस समय एमवाय अस्पताल स्थित परपीड़ा संस्था को प्रतिमाह करीब 25 हजार रुपए की दवाइयां उपलब्ध कराई जाती थीं। इसी दौरान ऐसा आश्रम बनाने का विचार आया, जहां बुजुर्गों को संस्थागत व्यवस्था के बजाय घर जैसा माहौल और अपनापन मिल सके। इसी सोच ने आगे चलकर वृद्धाश्रम की स्थापना का रूप लिया। प्रारंभ में यह पहल गोल्ड कॉईन सेवा समिति के रूप में संचालित हुई। वर्ष 2018 में वृद्धाश्रम और वर्ष 2019 में चिकित्सा उपकरण बैंक की शुरुआत की गई। वर्ष 2020 में संस्था को गोल्ड कॉईन सेवा ट्रस्ट के रूप में स्थापित किया गया। वर्तमान में 11 ट्रस्टी अलग-अलग सेवा प्रकल्पों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। संस्था के सभी कार्य ट्रस्टियों के आर्थिक सहयोग और जनसहयोग से संचालित होते हैं।
75 से अधिक बुजुर्गों को मिल रहा घर जैसा माहौल – ट्रस्ट का प्रमुख प्रकल्प वृद्धजनों की देखभाल है। इसके तहत अन्नपूर्णा क्षेत्र के चाणक्यपुरी में दशरथ सेवाश्रम संचालित किया जा रहा है, जहां करीब 50 बुजुर्ग महिला एवं पुरुष निवास कर रहे हैं। इसकी जिम्मेदारी अभय चोपड़ा एवं आशीष सिंघल संभाल रहे हैं। केवल महिलाओं के लिए विशेष रूप से एल आई जी में लक्ष्य स्नेह सेवाश्रम भी संचालित किया जा रहा है, जहां 25 से अधिक महिलाएं रह रही हैं। इस प्रकल्प के प्रभारी अनिल अग्रवाल हैं। दोनों आश्रमों में बुजुर्गों को परिवार जैसा वातावरण देने का प्रयास किया जा रहा है। यहां सभी बुजुर्ग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं, ताकि उनमें पारिवारिक अपनापन बना रहे। वर्तमान में दोनों आश्रमों में 75 से अधिक बुजुर्गों की देखभाल की जा रही है।
नैवेद्य टिफिन सेवा : 300 से अधिक बुजुर्गों तक पहुंच रहा घर का भोजन – शहर में अकेले रहने वाले और स्वयं भोजन बनाने में असमर्थ बुजुर्गों के लिए ट्रस्ट की ओर से नैवेद्य टिफिन सेवा संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से प्रतिदिन 300 से अधिक बुजुर्गों के घर भोजन पहुंचाया जाता है। इस सेवा में बुजुर्गों तक केवल भोजन पहुंचाने ही नहीं, बल्कि उनकी उम्र, पसंद और स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जा रहा है। मधुमेह से पीड़ित बुजुर्गों के लिए बिना शक्कर और मीठे पदार्थों का भोजन तैयार किया जाता है। उच्च रक्तचाप के मरीजों के लिए कम नमक वाला भोजन दिया जाता है। वहीं डायलिसिस कराने वाले और अन्य बीमारियों से पीड़ित बुजुर्गों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के अनुसार भोजन में बदलाव किया जाता है। बुजुर्गों को घर के बने खाने जैसा स्वाद महसूस कराने का जिम्मा सत्यनारायण राठी संभाल रहे हैं।
चिकित्सा उपकरण बैंक : 25 हजार उपकरणों से 5 लाख से अधिक लोगों को लाभ – वर्ष 2019 में शुरू हुआ चिकित्सा उपकरण बैंक ट्रस्ट के सबसे बड़े सेवा प्रकल्पों में शामिल है। इसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को व्हीलचेयर, बेड, ऑक्सीजन संबंधी उपकरण और अन्य चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। अब तक 25 हजार से अधिक चिकित्सा उपकरणों के माध्यम से 5 लाख से ज्यादा लोगों को सेवा का लाभ मिल चुका है। उपकरण निःशुल्क उपयोग के लिए दिए जाते हैं। इनके लिए केवल अमानत राशि जमा कराई जाती है, जिसे उपकरण लौटाने पर पूरी तरह वापस कर दिया जाता है। इस प्रकल्प का विस्तार इंदौर के चाणक्यपुरी, छावनी और विजय नगर के अलावा नीमच, नागदा, उदयपुर, भोपाल तथा धार-राजगढ़ तक हो चुका है। ट्रस्ट की योजना मुंबई में भी इसकी शाखा शुरू करने की है। इस प्रकल्प के प्रभारी संदीप नागर हैं।
डायलिसिस मरीजों को दो निःशुल्क पास – चिकित्सा सेवा के तहत ट्रस्ट प्रत्येक डायलिसिस मरीज को दो निःशुल्क डायलिसिस पास उपलब्ध करात रहा है। इसके लिए आर्थिक स्थिति या किसी विशेष पात्रता की शर्त नहीं रखी गई है। इसका उद्देश्य नियमित डायलिसिस कराने वाले मरीजों को आर्थिक राहत देना है।
ब्लड कॉल सेंटर से एक लाख से अधिक लोगों को मिली मदद – रक्त की जरूरत के समय मरीजों और उनके परिजनों को होने वाली परेशानी को देखते हुए ट्रस्ट ने ब्लड कॉल सेंटर की शुरुआत की। ट्रस्ट के अनुसार, अब तक एक लाख से अधिक लोगों को रक्त उपलब्ध कराने में सहायता की जा चुकी है। संस्था समय-समय पर रक्तदान शिविर भी आयोजित करती है। इंदौर में हुए 36 और 40 घंटे के लगातार रक्तदान अभियानों में भी ट्रस्ट की सहभागिता रही है। इसके अलावा अन्य सामाजिक संस्थाओं को रक्तदान शिविर लगाने के लिए निःशुल्क बेड, गद्दे और चादरें उपलब्ध कराई जाती हैं। इस प्रकल्प के प्रभारी जगप्रीत सिंह टूटेजा बनाए गए हैं।
सीड बॉल अभियान से पर्यावरण संरक्षण की पहल – पर्यावरण संरक्षण के लिए ट्रस्ट बड़े स्तर पर सीड बॉल वितरण अभियान चलाता है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पौधों का रोपण और हरियाली का विस्तार करना है। इस प्रकल्प की जिम्मेदारी राजेंद्र बाफना संभाल रहे हैं। संस्था द्वारा तालावली तालाब की पाल, कनाड़िया तालाब की पाल और उमरिया खुर्द पहाड़ी पर पौधारोपण किया गया है। लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखरेख भी की जा रही है। तालावली तालाब को विकसित कर लोटस वैली के रूप में पहचान दिलाने की योजना पर भी काम चल रहा है। संस्था का लक्ष्य अगले दो वर्षों में इस योजना को पूरा करना है।
पक्षियों के लिए हर साल बांटते हैं 5 हजार सकोरे – ट्रस्ट की सेवा गतिविधियां केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं हैं। पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए संस्था प्रतिवर्ष करीब 5 हजार पक्षियों के लिए पानी के सकोरे वितरित करती है। इसके साथ ही प्रत्येक रविवार को टीम गोशालाओं में जाकर गायों के लिए चारा डालती है। जंगलों में भी जाकर मूक पशु-पक्षियों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाती है। बंदर, मोर और कौवों सहित अन्य जीवों की प्रकृति और जरूरत के अनुसार खाद्य सामग्री पहुंचाई जाती है। इस सेवा प्रकल्प में श्री अंकुर अग्रवाल अपनी टीम के साथ सक्रिय हैं।
अंतिम संस्कार से लेकर पिंडदान तक की जिम्मेदारी – जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में सहायता देने के लिए ट्रस्ट निःशुल्क मर्चुरी बॉक्स की सुविधा भी उपलब्ध कराता है। परिवार में किसी सदस्य के निधन के बाद यदि बाहर शहर या विदेश में रहने वाले परिजनों को आने में समय लगता है तो ट्रस्ट मर्चुरी बॉक्स घर तक पहुंचाता है, ताकि पार्थिव देह सुरक्षित रखी जा सके। इसके अलावा लावारिस शवों का अंतिम संस्कार भी संस्था द्वारा कराया जाता है। इंदौर के विभिन्न मुक्तिधामों से अस्थियां एकत्रित कर सभी धर्मों के धर्मगुरुओं, समाजजनों और आमजन की उपस्थिति में उनका पूजन कराया जाता है। इसके बाद अस्थियों को हरिद्वार ले जाकर विधि-विधान से पिंडदान कराया जाता है। इस प्रकल्प की जिम्मेदारी नरेंद्र वर्मा और दिनेश कालू सारडा संभाल रहे हैं।
एक लाख कॉपियां बांटते हैं, 200 बच्चों की फीस भी भरते हैं – शिक्षा के क्षेत्र में ट्रस्ट प्रतिवर्ष जरूरतमंद बच्चों को करीब एक लाख कॉपियों का वितरण करता है। इस प्रकल्प के प्रभारी मनीष बेड़िया के अनुसार लगभग 200 बच्चों की स्कूल फीस भी संस्था द्वारा वहन की जाती है। इसका उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो।
हर साल 11 कन्याओं का निःशुल्क सामूहिक विवाह – आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग के लिए ट्रस्ट प्रतिवर्ष 11 कन्याओं का निःशुल्क सामूहिक विवाह कराता है। विवाह के दौरान नवदंपतियों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए जरूरी सामग्री भी संस्था की ओर से दी जाती है। इस प्रकल्प के प्रभारी अनिल सिंह परिहार और सतीश बंसल बनाए गए हैं।
धार्मिक आयोजनों में प्रसादी वितरण और राशन सेवा – ट्रस्ट धार्मिक आयोजनों में भी सेवा गतिविधियां संचालित करता है। इसी क्रम में इस वर्ष बिजासन माता मंदिर में लगातार नौ दिनों तक श्रद्धालुओं को खिचड़ी प्रसादी वितरित की गई। इसकी जिम्मेदारी श्री दिनेश कालू सारडा और अनिल बाहेती ने संभाली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद के लिए राशन वितरण भी किया जाता है। अब तक 100 से अधिक राशन किट जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई जा चुकी हैं। इस प्रकल्प के प्रभारी श्री नितिन खंडेलवाल हैं।
हुकमचंद मिल श्रमिकों की मदद से लेकर एनजीओ क्रिकेट लीग तक – ट्रस्ट सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। हुकमचंद मिल श्रमिकों की सहायता, झांकी निर्माण और चल समारोह जैसे आयोजनों में संस्था की सहभागिता रहती है। इस प्रकल्प के प्रभारी श्री दीपक लवंगणे हैं। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के बीच आपसी समन्वय और परिचय बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष एनजीओ क्रिकेट लीग का आयोजन भी किया जाता है। इसके माध्यम से अलग-अलग संस्थाओं के प्रतिनिधि खेल के मैदान पर एक साथ आते हैं और आपसी मेलजोल के साथ सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है। इस प्रकल्प के प्रभारी शंकर अग्रवाल हैं।
कोरोना काल में बांटे 5.5 लाख से अधिक भोजन पैकेट – कोरोना महामारी के दौरान जब बड़ी संख्या में लोग भोजन और जरूरी सुविधाओं के लिए परेशान थे, तब ट्रस्ट ने व्यापक स्तर पर भोजन वितरण किया। संस्था के अनुसार, उस कठिन दौर में 5.5 लाख से अधिक भोजन पैकेट वितरित किए गए। इस सेवा कार्य की जिम्मेदारी संजय अग्रवाल (प्लास्टिक) ने संभाली।
हेलमेट वितरण, स्वास्थ्य शिविर और प्याऊ की व्यवस्था – लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ट्रस्ट समय-समय पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करता है। इनमें जांच के साथ जरूरतमंदों को दवाइयां भी वितरित की जाती हैं। इस प्रकल्प की जिम्मेदारी विकास संभाल रहे हैं। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हेलमेट वितरण अभियान भी चलाया जाता है। इसके माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जाता है। इस प्रकल्प के प्रभारी ओम सोनगरा एवं प्रफुल्ल मंत्री के अनुसार गर्मी के मौसम में राहगीरों और श्रद्धालुओं को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रणजीत मंदिर पर प्याऊ भी लगाई जाती है।
केबीसी में मिला सम्मान, वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज उपलब्धि – गोल्ड कॉईन सेवा ट्रस्ट के कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। संस्था को उसके सेवा कार्यों के लिए लोकप्रिय टीवी कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) में आमंत्रित किया गया था, जहां महानायक अमिताभ बच्चन ने संस्था को सम्मानित किया। इसके अलावा वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से भी संस्था को सम्मान मिला है। ट्रस्ट आईएसओ प्रमाणित संस्था भी है।
बड़ी इमारत में वृद्धाश्रम और अन्य शहरों तक चिकित्सा सेवा पहुंचाने का लक्ष्य – ट्रस्ट भविष्य में अपने सेवा प्रकल्पों का और विस्तार करना चाहता है। इसके तहत वृद्धाश्रम के लिए बड़ी इमारत तैयार कर वहां सुविधाएं बढ़ाने की योजना है। साथ ही चिकित्सा उपकरण बैंक का विस्तार अन्य शहरों तक करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि जरूरत के समय अधिक से अधिक मरीजों को उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें।
ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष संजय अग्रवाल का मानना है कि समाजसेवा किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास का परिणाम होती है। इसी सोच के साथ 11 ट्रस्टी और बड़ी संख्या में सहयोगी अलग-अलग प्रकल्पों की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। संस्था का प्रयास है कि जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंचे और सेवा केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि उसके जीवन में वास्तविक राहत और अपनापन लेकर आए। वर्ष 2014 में एक छोटे से व्हाट्सएप ग्रुप से शुरू हुई यह पहल आज अनेक सेवा प्रकल्पों के माध्यम से लाखों लोगों तक पहुंच चुकी है। गोल्ड कॉईन सेवा ट्रस्ट की यह यात्रा बताती है कि सेवा का संकल्प और सामूहिक सहभागिता मिल जाए तो छोटी शुरुआत भी समाज में बड़े बदलाव की वजह बन सकती है।
