इंदौर मिर्गी विशेषज्ञ एसो. समिति के तत्वावधान में मरीजों और परिजनों को बुलाकर दिया मार्गदर्शन

इंदौर, राष्ट्रीय मिर्गी दिवस के उपलक्ष्य में इंदौर एपिलेप्सी एसो. विशेषज्ञ समिति इंदौर चैप्टर ने गीता भवन हॉस्पिटल मंदिर परिसर में मिर्गी रोग के लिए जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मरीजों और उनके परिजनों को आमंत्रित कर उन्हें मिर्गी से जुडी विभिन्न भ्रांतियों, दौरे की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, गर्भवती महिलाओं को दौरे से बचाने और अन्य प्रतिबंधात्मक उपायों का प्रशिक्षण देकर उनका मार्गदर्शन किया गया। गीता भवन ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष मनोहर बाहेती के मुख्य आतिथ्य एवं वरिष्ठ न्यूरोफिजिशियन डॉ. श्रीमती वीवी नाडकर्णी के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मरीज एवं परिजन शामिल हुए।
एसो. के अध्यक्ष डॉ. बसंत डाकवाले ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलन के बाद अपने उद्बोधन में मिर्गी के दौरों के अनियंत्रित होने की अवस्था में सर्जरी के विकल्प पर महत्वपूर्ण विचार रखे। वहीं एमजीएम मेडिकल कॉलेज और सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के असि. प्रोफ़ेसर न्यूरोफिजिशियन डॉ. राजा गुलफाम ने मिर्गी की रोकथाम और झटके आने पर बचाव तथा आपात स्थिति में उनसे निपटने के उपायों का प्रोजेक्टर पर स्लाइड शो के माध्यम से प्रदर्शन किया। उन्होंने मरीजों के सवालों के जवाब देते हुए अनेक भ्रांतियों का भी निवारण किया। डॉ. जयमाला शाह ने मिर्गी से बचाव के लिए मरीजों को नियमित व्यायाम, योग एवं प्राणायाम के उपाय बताए। डॉ. गरिमा ऐरन ने लाफ्टर शो के माध्यम से सभी उपस्थित मरीजों, डॉक्टरों और आमंत्रितों को लाफ्टर व्यायाम कराया। इस अवसर पर डॉ. श्रीमती नाडकर्णी एवं डॉ. कुचोरिया ने शिविर में आए मरीजों का परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाइयां भी प्रदान की। अंत में नीलम रानाडे ने आभार माना।
