कंट्रोल रूम भी बनाया गया
इंदौर, 30 अक्टूबर 2025
इंदौर जिले में बाल विवाह की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिये व्यापक इंतजाम किये जा रहे है। बाल विवाह करने वालों के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई की जायेगी। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग इंदौर द्वारा बाल विवाह के रोकथाम एवं नियंत्रण की कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय दलों का गठन किया गया है। जिला स्तर पर गठित दो दलों में कुल चार-चार सदस्य शामिल किए गए हैं। गठित दलों द्वारा बाल विवाह के संबंध में प्राप्त शिकायतों का तत्परता के साथ निराकरण तथा कार्रवाई की जाएगी। बाल विवाह कहीं भी न हो यह सुनिश्चित किया जायेगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री रजनीश सिन्हा ने बताया कि जिले में देव उठनी ग्यारस के अवसर पर विभिन्न समाजों द्वारा बड़ी संख्या में विवाहो का आयोजन किया जाता है। इन आयोजनों में यदा-कदा बाल विवाह होने की आशंका रहती है। जिले में बाल विवाह के संबंध में सूचना देने के लिए कलेक्टोरेट इंदौर में महिला एवं बाल विकास विभाग के रूम नम्बर – 208 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस संबंध में सूचना कंट्रोल रूम के दूरभाष नम्बर 0731-2360181 पर सूचना दी जा सकती है। कंट्रोल रूम पर संबंधित प्रभारी अपने दल के साथ मौजूद रहकर आवश्यकतानुसार बाल विवाह की शिकायतों पर उचित कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।
जिला स्तरीय गठित दल में सामाजिक कार्यकर्ता श्री आशीष गोस्वामी, प्रधान आरक्षक श्री राजकुमार खंडेलवाल, ब्लॉक कॉर्डिनेटर श्री निर्मल वर्मा एवं लाडो अभियान के कोर ग्रुप सदस्य श्री महेन्द्र पाठक शामिल है। इसी प्रकार दूसरे जिला स्तरीय दल में बाल संरक्षण अधिकारी श्री भगवानदास साहू, आरक्षक श्री रोहित मुजाल्दे, लाडो अभियान के कोर ग्रुप सदस्य श्री देवेन्द्र पाठक और शौर्यादल सदस्य श्री शेलेष शर्मा को शामिल किया गया है।
