इंदौर बडगोंदा पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 29 पेटी अंग्रेजी शराब और एक क्रेटा कार जब्त की है। पकड़े गए आरोपी का नाम जयदीप चौहान उम्र 25 साल निवासी ग्राम भोपालिया, थाना बखतगढ़, जिला अलीराजपुर बताया है। सोमवार 25 मई क़ो पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदौर से मानपुर की ओर एक सफेद रंग की क्रेटा कार में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना पर बडगोंदा पुलिस ने फोरलेन पर बेरिकेटिंग कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध क्रेटा कार बेरिकेट से पहले रुकी और चालक वाहन को मोडक़र एबी रोड से जामली मार्ग की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा कर बालाजी मंदिर के पास महू-मंडलेश्वर रोड पर घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर 10 पेटी किंगफिशर, 16 पेटी माउंट 6000 बीयर, एक पेटी सिग्नेचर व्हिस्की, एक पेटी मैजिक मोमेंट और एक पेटी बकार्डी लेमन रम सहित 293.88 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 94,900 रुपए आंकी गई है। साथ ही करीब 10 लाख रुपए कीमत की क्रेटा कार एमपी 11 सीसी 3832 जब्त की है। थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
