बुडानिया में भागवत कथा-लक्ष्मी नारायण महायज्ञ: देवी हेमलता शास्त्री बोलीं- ‘बाल हत्या सबसे बड़ा पाप, प्रकृति दे रही चेतावनी’

इंदौर। हातोद-गांधीनगर रोड स्थित बुडानिया में सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा और श्री महालक्ष्मी नारायण महायज्ञ में श्रद्धालु प्रवचन गंगा का लाभ ले रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचिका देवी हेमलता शास्त्री के मुखारविंद से प्रतिदिन दोपहर 3 बजे कथा प्रवाहित हो रही है। वहीं प्रातः 8 बजे से ब्रह्मचारी यज्ञाचार्य आचार्य प्रशांत महाराज विद्याधाम एवं आचार्य पंडित राजेश शर्मा विद्याधाम के मार्गदर्शन में पंचकुंडीय महायज्ञ चल रहा है।
द्वितीय दिवस कथा: बाल हत्या पर जताई चिंता
आयोजक अंतर सिंह चौधरी और केदार सिंह चौधरी ने बताया कि द्वितीय दिवस कथा में भागवत महात्म्य, शौनकादि ऋषियों के प्रश्न, परीक्षित जन्म, परीक्षित को श्राप, कलि का प्रवेश और शृंगी का श्राप, शुकदेवजी का आगमन प्रसंग सुनाया गया।
देवी हेमलता शास्त्री ने कहा कि “बाल हत्या सबसे बड़ा पाप है। बिना मौसम बरसात, बाढ़ ये सब प्रकृति की चेतावनी है। अगर हम नहीं सुधरे तो प्राकृतिक आपदा निश्चित है। छोटे-छोटे बच्चों की हत्या रोकनी होगी।” उन्होंने गौ माता की महिमा बताते हुए सेवा का संदेश दिया और कहा कि यह आयोजन सनातनी एकता को दर्शाएगा।
महालक्ष्मी नारायण यज्ञ: आहुतियों से गूंजा मंडप
आयोजन समिति के साईं ओम चौधरी, और हरि ओम चौधरी ने बताया कि पंचकुंडीय महायज्ञ में भक्त पूजन-शृंगार के साथ मंत्रोच्चार कर आहुतियां दे रहे हैं। आचार्य प्रशांत महाराज ने कहा कि लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में हिस्सा लेने और यज्ञ मंडप की परिक्रमा से श्री लक्ष्मी नारायण की कृपा बनी रहती है। इस धाम में प्रवेश मात्र से कई जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं।
