
ज्वलंत मुद्दों पर होगा विचार मंथन
संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के सानिध्य एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल की अध्यक्षता में होगा आयोजन
इंदौर, अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक का आयोजन 30-31 मई को एबी रोड, राऊ चौराहा के आगे सिमचा आइसलैंड पर आयोजित की गई है। संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के सानिध्य एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल कुक्की (इंदौर) की अध्यक्षता में होने वाली इस दो दिवसीय बैठक का शुभारंभ शनिवार 30 मई को दोपहर 1 बजे से होगा। बैठक में समाज से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार मंथन कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएँगे। इस मौके पर संगठन के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी, कार्य समिति सदस्य, सभी प्रदेशों के अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति इंदौर के सभी पूर्व अध्यक्ष भी शामिल होंगे, जिनका राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान भी किया जाएगा।
संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारुका ने बताया कि बैठक में समाजहित से जुड़े अनेक ज्वलंत विषयों पर विचार मंथन तो होगा ही, संगठन द्वारा प्रस्तावित आगामी कार्यक्रमों और अन्य योजनाओं पर भी विचार विमर्श किया जाएगा। मुख्यरूप से समाज की राजनीतिक भागीदारी को लेकर भी इस बैठक में प्रस्ताव पारित किए जाएँगे। संगठन का प्रयास है कि भविष्य में अग्रवाल समाज के ज्यादा से ज्यादा लोगों को राजनीति में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित कर ऐसी रणनीति बनाई जाए कि समाज के शिक्षित, युवा और राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले बंधु आगे आएं। बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय समितियों के संयोजकों की नियुक्ति, समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं, विभिन्न राज्यों में समाज को और अधिक संगठित और मजबूत बनाने सहित विभिन्न मुद्दों पर विचार मंथन किया जाएगा। दो दिवसीय इस बैठक का समापन रविवार 31 मई को दोपहर 3 बजे होगा।
