दीपावली मनाने छावनी रामद्वारा पर विराजित आचार्यश्री को दिया गया न्योता

इंदौर बिजासन रोड स्थित प्राचीन अविनाशी अखंड धाम आश्रम पर आगामी 23 से 29 दिसम्बर तक होने वाले 59वें अभा अखंड वेदांत संत सम्मेलन में अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के जगदगुरु आचार्य स्वामी रामदयाल महाराज सहित देश के अनेक महामंडलेश्वर, आचार्य एवं संत विद्वान भी शामिल होंगे। जगदगुरु स्वामी रामदयाल महाराज ने मंगलवार को अखंड धाम आश्रम के महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरुप एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों को छावनी रामद्वारा में भेंट के दौरान अपनी कृपापूर्ण सहमति प्रदान की।
सम्मेलन की आयोजन समिति के प्रमुख हरि अग्रवाल, अशोक गोयल, भावेश दवे एवं सीए विजय गोयनका ने बताया कि जगद्गुरु स्वामी रामदयाल महाराज इस बार दीपावली मनाने के लिए इंदौर पधारे हुए हैं। छावनी रामद्वारा पर मंगलवार को उन्हें अखंड धाम आश्रम पर होने वाले अभा अखंड वेदांत संत सम्मेलन के लिए शॉल-श्रीफल सहित न्योता देते हुए बताया गया कि सम्मेलन में भानपुरा पीठ के जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ, युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरि महाराज, वृन्दावन के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद, मुंबई के महामंडलेश्वर स्वामी चिदम्बरानंद महाराज सहित करीब 50 संत विद्वानों की स्वीकृति अब तक मिल चुकी है तो उन्होंने अखंड धाम आश्रम से अपने बरसों पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए स्वयं भी हर वर्ष की तरह इस सम्मेलन में पधारने की कृपापूर्ण सहमति प्रदान की। सम्मेलन के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
