इंदौर
एकता नगर क्षेत्र में एक युवक के साथ सरेराह मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को न केवल सरेआम पीटा, बल्कि उसे जबरन एक सुनसान जगह ले जाकर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हमला किया। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, फरियादी जितेंद्र पिता घीसीलाल राजपूत, जो मूल रूप से ग्राम खजुरिया के निवासी हैं और वर्तमान में एकता नगर में रहते हैं, उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज कराई है। जितेंद्र ने बताया कि आरोपी छोटू पिता अवधेश दीक्षित और सोनू उनके पास आए और बिना किसी कारण के ‘तू यहाँ क्या कर रहा है’ कहकर विवाद करने लगे। जब जितेंद्र ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपियों ने पहले हाथमुक्कों से मारपीट की और फिर उसे जबरन पकड़कर आईडीए मल्टी के पास एक खाली जगह पर ले गए। वहां पहले से ही आरोपियों के कुछ अन्य साथी मौजूद थे। सभी नेमिलकर जितेंद्र को घेर लिया। आरोपी छोटू और सोनू ने उसे बेल्ट से बेरहमी से पीटा, जबकि उनके अन्य साथियों ने लात-घूंसों से हमला किया।इस हमले में जितेंद्र के चेहरे, सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल जितेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने छोटू, सोनू और उनके साथियों के खिलाफ
मारपीट, गाली-गलौज और धमकाने की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
