
पहले दिन तीन पीढ़ियों ने ली बुजुर्गों के सम्मान की शपथ
राजीव गाँधी चौराहा स्थित होटल पर आज मस्ती की पाठशाला के साथ शुरू होगा मुख्य उत्सव, अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारी भी आएंगे
इन्दौर अग्रवाल समाज की अग्रणी और प्रतिष्ठित संस्था श्री अग्रसेन महासभा की मेजबानी में देश में पहली बार 81 वर्ष से अधिक आयु वाले 5 राज्यों के 81 वरिष्ठजनों के सामूहिक अमृत महोत्सव का शुभारंभ सोमवार शाम को राजीव गाँधी चौराहा स्थित होटल सौलारिस पर आयोजित गरिमापूर्ण कार्यक्रम में हुआ। इस मौके पर विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के उपलक्ष्य में समाज की 3 पीढ़ियों के प्रतिनिधियों ने संकल्प व्यक्त किया कि वे बुजुर्गों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार, उपेक्षा और हिंसा की रोकथाम के लिए समाज के संस्कारों के अनुरूप हरसंभव पहल करेंगे और अपनी नई पीढ़ी को भी यह प्रेरणा देंगे कि वे बुजुर्गों के साथ हमेशा सम्मानजनक व्यवहार करेंगे।
महासभा के अध्यक्ष राजेश जिंदल, सचिव अनूप सिंघल, संयोजक अरुण आष्टावाले, पूर्व अध्यक्ष कैलाश नारायण बंसल ने बताया कि महोत्सव में शामिल होने के लिए वरिष्ठजनों और उनके परिवार के सदस्यों का आगमन कार्यक्रम स्थल पर आज शाम से ही शुरू हो गया है। महासभा के पदाधिकारियों ने उनकी अगवानी की और उन्हें मंगलवार को होने वाले कार्यक्रमों से अवगत कराया।
मस्ती की पाठशाला से शुरू होगा महोत्सव – निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 4 बजे गरिमा शर्मा की टीम द्वारा मस्ती की पाठशाला के साथ इस अमृत महोत्सव का शुभारंभ होगा। शाम 6 बजे मोहनलाल बंसल का सम्मान, शाम 7 बजे मुंबई के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा रेट्रो म्यूजिकल नाईट का रंगारंग आयोजन होगा तथा रात 8 बजे से राज्य के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं महापौर पुष्यमित्र भार्गव के आतिथ्य में 5 राज्यों से आए 81 बुजुर्गों का सामूहिक अमृत महोत्सव मनाया जाएगा। सोमवार को समाजसेवी विष्णु बिंदल, हेमंत गर्ग, बदरी बंसल, राजेश बंसल, अरुण जैन, प्रमोद गुप्ता, संजय पाटनी, नेहल बंसल, मातृशक्ति की ओर से चंद्रकला बंसल, मंजू गुप्ता, किरण जैन, ममता बंसल, रामनिवास मित्तल, सतीश मंगल एवं गोपाल गुप्ता सहित महासभा के पदाधिकारियों ने इस कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया और कार्यक्रम स्थल पहुंचकर अब तक आए हुए वरिष्ठजनों का सम्मान किया।
वायुसेना में सेवाएँ दे चुके मित्तल और 96 वर्षीय गुप्ता पहुंचे – महोत्सव में शामिल होने के लिए गुना के 96 वर्षीय मुकुट बिहारी लाल गुप्ता, जलगाँव महाराष्ट्र के 82 वर्षीय नंदकिशोर चौधरी और भारतीय वायु सेना में 1960 से 1975 तक सेवाएँ देकर 1962, 1965 और 1971 के युद्ध में मातृभूमि की रक्षा कर चुके निमाड़ के गौरव 86 वर्षीय सुरेशचंद्र मित्तल, रायपुर से 82 वर्षीय सुशील अग्रवाल जैसे वरिष्ठजन पहुँच चुके हैं। बड़ोदा से 84 वर्षीय नन्दलाल गर्ग, घनश्याम गिन्डोलिया एवं उनकी पत्नी भी पहुँच गए हैं। इंदौर के 84 वर्षीय डॉ. विष्णु प्रसाद सिंघल जैसे अनेक वरिष्ठजन ऐसे भी हैं, जिन्होंने स्वयं और जिनके परिजनों ने भी चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में अनेक कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वे भी इस महोत्सव में आएंगे। डॉ. सिंघल के परिवार में आधा दर्जन चिकित्सक हैं और कुछ सदस्य अमेरिका में भी सेवाएँ दे रहे हैं। ऐसे अनेक वरिष्ठजन देश के 5 राज्यों से आएंगे। महासभा की ओर से सभी वरिष्ठजनों को आकर्षक स्मृति चिन्ह, उपहार, शॉल-श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किए जाएँगे जबकि वरिष्ठजनों के नाती-पोते और उनके परिजन भी उनका सम्मान करेंगे।
अनेक अतिथि आएंगे, तीन विश्व कीर्तिमान बनाने वाले बंसल का सम्मान – अ.भा. अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय मंत्री गोपाल अग्रवाल (बोदवड-महाराष्ट्र) से आकर इस कार्यक्रम में शाम 6 बजे महासभा के संस्थापक सदस्य और पूर्व अध्यक्ष मोहनलाल बंसल का सम्मान करेंगे। बंसल पिछले 48 वर्षों में समाज के एक हजार से अधिक रिश्ते तय करा चुके हैं। अब तक महासभा के बायोडाटा बैंक में करीब 15 हजार बायोडाटा उपलब्ध हो चुके हैं। वर्ष 2003 से अब तक वे महासभा के एक हजार से अधिक सदस्यों को यूरोप, अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, बाली, इंडोनेशिया के साथ ही देश के सभी प्रमुख चारों धाम, केरल, हिमाचल, पचमढ़ी, कामाख्या देवी, नाथद्वारा, बेंगलुरु सहित अनेक स्थानों की यात्रा करा चुके हैं। पिछले वर्ष ही उन्होंने अपनी शादी की 60वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 8 राज्यों के ऐसे 61 जोड़ों को इंदौर आमंत्रित कर उनके विवाह की वर्षगांठ मनाई थी जो देश में अपने किस्म का पहला आयोजन था। बेंगलुरु स्थित नेचरोपैथी चिकित्सा केंद्र और हरिद्वार के बाबा रामदेव द्वारा संचालित योग केंद्र का भ्रमण भी वे महासभा के सदस्यों को करा चुके हैं। अब 80 वर्ष से अधिक आयु के 81 वृद्धजनों का अमृत महोत्सव मनाकर वे तीसरा विश्व कीर्तिमान स्थापित करने जा रहे हैं।
