जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में रात के समय केवल ‘घूरने’ को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही पलों में डंडे और चाकूबाजी के खूनी खेल में बदल गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, विवाद कल रात करीब १० बजे लालबाग लाइन इलाके में हुआ। पहले पक्ष से फरियादी जुबेर पिता अब्दुल रज्जाक निवासी रेलवे पटरी के समीप, लालबाग लाइन) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। जुबेर ने पुलिस को बताया कि वह रात में अपने घर के बाहर बैठा हुआ था, तभी क्षेत्र के ही आरोपी सचिन पिता भोला और रोशन वहां आए और विवाद करते हुए बोले, तू हमें घूर कर क्यों देख रहा है इस पर जुबेर ने जवाब दिया, भाई, मेरी निगाहें तो ऐसी ही हैं। जुबेर की इस बात से दोनों आरोपी नाराज हो गए और गालियां देने लगे। जब जुबेर ने विरोध किया, तो आरोपियों ने डंडे से उस पर हमला कर दिया। डंडे का वार सीधे जुबेर के सिर पर लगा, जिससे खून बहने लगा। इस दौरान आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से भी बुरी तरह पीटा। आसपास के लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। जाते-जाते आरोपी धमकी दे गए कि आज तो तू बच गया, आइंदा घूर कर देखा तो तुझे जान से खत्म कर देंगे। वहीं, इसी मामले में दूसरे पक्ष से फरियादी सचिन पिता बालाजी निवासी लालबाग लाइन की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी जुबेर शेख के खिलाफ काउंटर केस दर्ज किया है। सचिन ने पुलिस को अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि वह अपने दोस्त रोशन के साथ लालबाग के पीछे वाली गली से पैदल गुजर रहा था। उसी दौरान रास्ते में उन्हें आरोपी जुबेर शेख मिला और उन्हें दुर्भावनापूर्वक घूर-घूर कर देखने लगा। जब सचिन और रोशन ने उससे पूछा कि ‘इस तरह क्यों देख रहा है, तो जुबेर शेख गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी जुबेर ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाला और सचिन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चाकू सचिन की दोनों जांघों पर जा लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। हमला करने के बाद आरोपी जुबेर ने भी धमकी दी कि आज तो जिंदा बच गया है, आइंदा इस गली से निकला तो जान से खत्म कर दूंगा।
