
इंदौर विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में चल रहे विभिन्न अनुष्ठानों का विराम सौल्लास सम्पन्न हुआ। मंदिर पर 11 विद्वानों द्वारा किए जा रहे भागवत के मूल पारायण की पूर्णाहुति भी सोमवार को दोपहर हुई। महाजन परिवार के सदस्यों ने सभी विद्वानों का स्वागत कर भागवतजी का पूजन किया। यहाँ चल रहे लक्षार्चन आराधना, दीपदान सहित गत 16 मई से चल रहे सभी अनुष्ठानों की पूर्णाहुति में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
श्रीविद्याधाम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में जहाँ आश्रम की यज्ञशाला में प्रतिदिन 11 यजमान एवं 11 विद्वानों ने लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में आहुतियाँ समर्पित कर राष्ट्र में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की वहीं 11 विद्वानों ने भागवतजी का मूल पारायण भी किया। इसी तरह आश्रम के विद्वानों ने प्रतिदिन लक्षार्चन आराधना, दीपदान के अलावा विभिन्न तिथियों में राम कथा एवं भागवत कथा अनुष्ठानों का भी आयोजन किया जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने अपनी नियमित उपस्थिति दर्ज कराई।
