इंदौर
परदेशीपुरा थाने में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।तबीयत बिगडऩे के बाद उन्हें पीसीआर वाहन से इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लाया गया था, जहाँ से वे अचानक लापता हो गए। बाद में उनकी तलाश करने पर वे दवा बाजार के समीप अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संयोगितागंज थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक का नाम तिजेंद्र लोधी पिता बीएल लोधा (42) निवासी सर्व संपन्न नगर है। तिजेंद्र परदेशीपुरा थाने पर प्रधान आरक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें पुलिस के पीसीआर वाहन की मदद से तुरंत इलाज के लिए एमवाय अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया। पीसी आर चालक शुभम ने बताया किप्रधान आरक्षक तिजेंद्र लोधी अस्पताल में भर्ती होने के कुछ ही देर बाद अचानक वार्ड से कहीं चले गए। जब वे अपनी बेड पर नहीं मिले, तो अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद तिजेंद्र एमवाय अस्पताल के पास स्थित दवा बाजार के समीप बेहद गंभीर और अचेत अवस्था में सडक़ किनारे मिले। अचेत मिले प्रधान आरक्षक को तुरंत वापस एमवाय अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर संयोगितागंज थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
