रविवार रात कार का कांच तोड़कर की थी मारपीट; एक आरोपी लटकते हुए पहुंचा थाने
इंदौर। जूनी इंदौर स्थित कलेक्टर चौराहे पर रविवार रात परिवार पर हुए हमले के मामले में रावजी बाजार पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। फरियादी ने थाने में आरोपियों की पहचान भी कर ली है। पुलिस के अनुसार रविवार रात आरोपियों ने खुद को नाबालिग बताकर कार का कांच फोड़ दिया और परिवार पर हमला कर दिया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। वीडियो में दिख रहा था कि आरोपियों ने सड़क पर जमकर हुड़दंग मचाया। जिस युवक ने कार का कांच फोड़ा था, वह हिरासत में लेने के बाद लटकते हुए पुलिस के साथ थाने पहुंचा।रावजी बाजार पुलिस का कहना है कि वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इस तरह का मामला कुछ दिन पहले भी सामने आ चुका है। बीती रात दोबारा इस तरह की घटना होने से पुलिसिया व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी।
