
इंदौर 10 जुलाई। श्रीराम जन्मभूमि न्यास अयोध्या के वरिष्ठ सदस्य, महामंडलेश्वर युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरि महाराज के सानिध्य में ध्यान- साधना शिविर का 30 वां दिव्य आयोजन गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में खंडवा रोड स्थित अखंड परमधाम आश्रम के सत्संग सभागृह में 10 से 16 अगस्त तक आयोजित होगा। शिविर का शुभारंभ 10 अगस्त को शाम 5 बजे युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरि महाराज के सानिध्य एवं आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानंद गिरि की मौजूदगी में होगा।
अखंड परमधाम सेवा समिति के अध्यक्ष किशनलाल पाहवा, महासचिव राजेश अग्रवाल एवं समन्वयक विजय शादीजा ने बताया कि पूज्य गुरुदेव के सानिध्य में 11 से 15 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 7 से 8 बजे तक योगासन, 8 से 9 बजे तक ध्यान एवं प्रवचन तथा शाम 5 से 7 बजे तक प्रवचनों की अमृत वर्षा खंडवा रोड आश्रम के सभागृह में होगी। आश्रम से जुड़े श्यामलाल मक्कड़ एवं रामबाबू अग्रवाल ने बताया कि स्वामी परमानंद गिरि के साथ हरिद्वार से आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानंद गिरि सहित अनेक संत एवं शिष्य भी आएंगे। आश्रम की संयोजक साध्वी चैतन्य सिंधु के अनुसार 16 अगस्त को सुबह 7 से 8 बजे तक योगासन के पश्चात 8 बजे से गुरु पूजन एवं प्रसादी का आयोजन भी होगा। इसमें मालवांचल के अनेक शहरों के साधक शामिल होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर खंडवा रोड आश्रम पर अखंड परमधाम सेवा समिति की नियमित बैठकों का सिलसिला जारी है।
