इंदौर गौतमपुरा थाना क्षेत्र के बछोड़ा रोड पर शनिवार देर रात एक अज्ञात आरोपी ने लोहे के एंगल से वार कर एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। कल सुबह खून से सना हुआ शव एक खेत में पड़ा मिलने से इलाके में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि शराब पीने के दौरान या नशे की हालत में हुए किसी आपसी विवाद के बाद इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। गौतमपुरा पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 42 वर्षीय बाबू राठौर के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के भतीजे दीपक पिता अशोक राठौर, निवासी ग्राम धोबी मोहल्ला, गौतमपुरा की रिपोर्ट पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। रविवार सुबह बाबू राठौर का शव बछोड़ा रोड पर स्थित शमशाद बी के खेत में पड़ा मिला था। मौके पर पहुँचे जांच अधिकारियों के मुताबिक, मृतक के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर लोहे के एंगल से वार करने के गहरे व गंभीर निशान पाए गए हैं। क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हमले के कारण मृतक के दांत तक टूट गए थे, जो शव के समीप ही पड़े मिले। इसके अलावा पुलिस को मौके से बीड़ी, माचिस और एक शराब की बोतल भी बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक शव को तुरंत पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच और परिजनों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि बाबू राठौर शनिवार शाम करीब 7 बजे अपने घर से निकले थे। इसके बाद देर रात वे गौतमपुरा स्थित एक शराब दुकान पर कुछ संदिग्ध लोगों के साथ शराब खरीदने गए थे। वारदात की कड़ी जोडऩे के लिए जब पुलिस टीम ने उक्त शराब दुकान पर पहुँचकर वहाँ लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की कोशिश की, तो एक बड़ी लापरवाही सामने आई। दुकान संचालकों द्वारा बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से वहाँ के कैमरे बंद पड़े हैं। सीसीटीवी फुटेज न मिलने के कारण पुलिस के हाथ फिलहाल कोई सीधा सुराग नहीं लगा है, लेकिन पुलिस आसपास के अन्य रास्तों पर लगे कैमरों और संदिग्धों के मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला नशे में हुए तात्कालिक विवाद का लग रहा है, लेकिन रंजिश सहित अन्य सभी संभावित बिंदुओं पर भी बारिकी से तफ्तीश की जा रही है।
1111111111111111
