इंदौर सिमरोल थाना इलाके में खंडवा रोड भेरूघाट पर देर रात एक बड़ा सडक़ हादसा हो गया। यहाँ ग्राम तिंछा स्थित पुलिया के समीप एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर मोड़ पर नीचे पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में ट्रक के क्लीनर की सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वाहन चालक सहित ट्रक में सवार दो अन्य लोग मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के चलते घाट सेक्शन पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची सिमरोल थाना पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। सिमरोल पुलिस के अनुसार, यह सडक़ हादसा बीती रात हुआ। मामले में घायल अल्ताफ पिता मो. जहांगीर पटेल, निवासी किशनगंज ने पुलिस को बताया कि वह कल रात अपने साले और ट्रक के क्लीनर मोहन के साथ मिनी ट्रक क्रमांक एमपी-17 एचएच-4310 में सवार होकर जा रहा था। वाहन को चालक अर्जुन पिता दयाराम मालवीय, निवासी मिरपुरा आष्टा चला रहा था। जैसे ही ट्रक भेरूघाट के ग्राम तिंछा वाली पुलिया के पास पहुँचा, तभी मोड़ पर रफ्तार तेज होने के कारण चालक संतुलन खो बैठा और ट्रक पलट गया। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि क्लीनर मोहन ट्रक के केबिन के हिस्से में बुरी तरह फंस गया और उसके सिर व गर्दन में घातक चोटें आईं, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं इस हादसे में चालक अर्जुन और अल्ताफ को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद वहाँ से गुजर रहे राहगिरों ने तुरंत सक्रियता दिखाई और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर पुलिस तथा एम्बुलेंस को सूचना दी। सिमरोल थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया।
