
अन्नपूर्णा रोड स्थित रेवेन्यू नगर में शिवार्पण पर शाम को होगा सत्संग एवं पाद पूजन
इंदौर वेद व्यास धाम नेमिषारण्य के पीठाधीश्वर एवं विश्व के एकमात्र तरंग विज्ञान के साधक आचार्य प.पू. अनिल शास्त्री मंगलवार 21 जुलाई को इंदौर आएंगे। वे यहाँ रेवेन्यू नगर, अन्नपूर्णा रोड स्थित “शिवार्पण” पर आचार्य पं. पुष्पानंदन व्यास मंडल के तत्वावधान में आयोजित गुरु पाद पूजन महामहोत्सव में अपने भक्तों को सानिध्य प्रदान करेंगे।
आचार्य पं. पुष्पानंदन व्यास मंडल के श्यामसुंदर अटल, विमल लालावत, प्रकाश अजमेरा एवं पुरुषोत्तम मानधन्या ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में शाम 7 से 9 बजे तक रेवेन्यू नगर (एमआरएफ शोरूम के पीछे) स्थित “शिवार्पण” में उनका पाद पूजन किया जाएगा जिसमें मालवांचल के श्रद्धालु और शिष्य शामिल होंगे। आचार्य पं. अनिल शास्त्री आगामी 14 नवम्बर से नेमिषारण्य में विश्व शांति की कामना से 88 हजार श्रीमद भागवत पारायण महामहोत्सव का दिव्य आयोजन कर रहे हैं जो संभवतः विश्व में अपने किस्म का पहला और अनूठा कार्यक्रम होगा जिसमें बड़ी संख्या में इंदौर एवं मालवांचल के श्रद्धालु भी भागीदार बनेंगे।
30 वर्ष पूर्व लिए गए संकल्प को साकार करने का लक्ष्य – आचार्य पं. शास्त्री ने 30 वर्ष पूर्व संकल्प किया था कि वे अपने जीवनकाल में 88 हजार भागवत पारायण के अनुष्ठान सम्पन्न कराएंगे। अब तक वे प्रत्येक 5 वर्ष में 11-11 हजार भागवत पारायण का अद्भुत अनुष्ठान नेमिषारण्य में करा चुके हैं जिनमें देश-विदेश के एक से डेढ़ लाख श्रद्धालु शामिल होते हैं। अब 14 नवम्बर को पांचवां अनुष्ठान होने जा रहा है जिसमें 10 दिनों तक 11 हजार या उससे अधिक भागवत पारायण होंगे। इस दौरान साधकों की संख्या के अनुसार भागवतजी की पोथी की स्थापना की जाएगी। पं. शास्त्री के इस अनुष्ठान में नागा साधु, दंडी स्वामी एवं हिमालय सहित घने जंगलों में साधना करने वाले संत विद्वान भी शामिल होंगे।
आचार्य पं. व्यास ने बताया कि इस अनुष्ठान के माध्यम से आचार्य पं. शास्त्री अमेरिका-ईरान एवं रूस-यूक्रेन सहित दुनिया के देशों में हो रहे युद्ध को रोकने की कामना करेंगे। रेवेन्यू नगर में आयोजित पाद पूजन के पश्चात आचार्य पं. शास्त्री भक्तों को आशीर्वचन भी देंगे और इस भागवत पारायण के महामहोत्सव का न्योता भी देंगे। भक्तों से निर्धारित समय पर उपस्थिति का आग्रह किया गया है।
