महेश्वर में अनेक संतों के सानिध्य में हजारों कावड़ियों ने की मां नर्मदा की आरती और माँ अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण

इंदौर सावन के पहले सोमवार को सुबह रिमझिम फुहारों के बीच महेश्वर के अहिल्या घाट पर इंदौर के बाणेश्वरी कावड़ यात्रा में शामिल तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने विधायक गोलू शुक्ला के नेतृत्व में मां नर्मदा का 101 लीटर दूध से अभिषेक एवं 1100 मीटर लंबी चुनरी समर्पित कर अपनी 180 कि.मी. लंबी महाकालेश्वर तक की पैदल कावड़ यात्रा का श्रीगणेश किया। सभी श्रद्धालुओं ने इसके पूर्व देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
इस अवसर पर प.पू. अवधूत दादा गुरु, ओंकारेश्वर के तपोनिष्ठ संत हनुमानदास महाराज, खेडीघाट के टाटम्बरी सरकार, प.पू. योगराज सरकार, महेश्वर के संत हनुमान दास, प.पू. मस्तराम बाबा के सानिध्य एवं महेश्वर के विधायक राजकुमार मेव, पूर्व विधायक पांचीलाल मीणा, भाजपा के इंदौर नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, राजेंद्र सिंह सोलंकी सहित अनेक विशिष्टजन मौजूद थे, जिन्होंने यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा प्रभारी दीपेन्द्रसिंह सोलंकी ने बताया कि अल सुबह बोल बम और भगवान भोलेशंकर के जयघोष के शंखनाद के बीच श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा की पूजा अर्चना के बाद अपनी-अपनी कावड़ में पवित्र जल भरकर गुजरी के लिए प्रस्थान किया। शाम को यात्रा गुजरी पहुँच गई। मार्ग में अनेक स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
महेश्वर नगर में भी कावड़ यात्रा का जबर्दस्त स्वागत हुआ। संत दयाल गुरू सहित अन्य संतों की मौजूदगी में महेश्वर के नागरिकों ने कावड़ यात्रा का आत्मीय स्वागत किया। गुजरी जाते समय मार्ग में खराड़ी, देवारा, संजय नगर, धामनोद, महेश्वर रोड पर भी कावड़ यात्रियों का जोरदार स्वागत हुआ। संध्या को गुजरी पहुंचने पर कावड़ यात्रा की अगवानी घरों की छतों से नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर की। रात्रि को गुजरी में रात्रि विश्राम के बाद यात्रा मंगलवार की सुबह कन्या पूजन एवं पौधरोपण के बाद मानपुर के लिए प्रस्थित होगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार, 4 अगस्त को मानपुर, 5 को महू, 6 को इंदौर, 7 को रेवती रेंज, 8 को पंथ पिपलई और 9 अगस्त को उज्जैन पहुंचकर रात्रि विश्राम के बाद सावन के दूसरे सोमवार, 10 अगस्त को सुबह भगवान महाकालेश्वर का जलाभिषेक किया जाएगा। इस दौरान लगभग सभी स्थानों पर यात्रा के भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। यात्रा 7 अगस्त को इंदौर में सुबह 9 बजे से अन्नपूर्णा मंदिर में चुनरी समर्पण के बाद नगर भ्रमण पर निकलेगी।
