गुजरी से निकलकर यात्रा पहुंची मानपुर, आज महू में भ्रमण के बाद कल शाम को इंदौर पहुंचेगी

इंदौर महेश्वर के अहिल्या घाट से सावन के पहले सोमवार को सुबह प्रारम्भ हुई इंदौर की विशाल बाणेश्वरी कावड़ यात्रा मंगलवार को गुजरी से मानपुर पहुँच गई। प्रख्यात साध्वी दीदीमाँ ऋतुम्भरा देवी, युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन एवं पूर्व विधायक पांचीलाल मीणा ने यात्रा संयोजक एवं विधायक गोलू शुक्ला सहित सभी कावड यात्रियों को बधाई देते हुए सनातन धर्म की मजबूती के लिए किए जा रहे उनके सद्प्रयासों की खुलेमन से सराहना की।
गुजरी से सुबह 9 बजे योग, प्राणायाम, पौधरोपण एवं पूजा-अर्चना के बाद प्रारम्भ हुई बाणेश्वरी कावड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का जोश दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। सुबह गुजरी फाटे पर दीदीमाँ साध्वी ऋतुम्भरा के पहुँचते ही श्रद्धालुओं का जोश उफान पर पहुँच गया। बोल बम और जय शिव और भोलेनाथ के जयघोष के बीच दीदीमाँ ने यात्रा संयोजक गोलू शुक्ला और सभी साथियों का स्वागत करते हुए उनकी कावड यात्रा को सनातन धर्म का सशक्त प्रतीक बताते हुए सबको सुभाशीष प्रदान किए। महेश्वर से महाकालेश्वर तक १८० किमी की पदयात्रा के दौरान गुजरी से मानपुर के बीच जगह-जगह मंच लगाकर कहीं पुष्प वर्षा, कहीं फलाहार, स्वल्पाहार वितरण की व्यवस्थाएं पूरे मार्ग में देखने को मिली। मार्ग में भीम ठाकुर, अर्जुन ठाकुर, सुधाकर राव मराठा सहित अनेक सरपंचों, जनपद सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने यात्रा का आत्मीय स्वागत किया।
यात्रा प्रभारी दीपेन्द्रसिंह सोलंकी ने बताया कि मंगलवार को रात्रि विश्राम मानपुर में करने के बाद बुधवार को सुबह 9 बजे यात्रा महू के लिए प्रस्थित होगी। इंदौर में यात्रा गुरुवार 6 अगस्त की शाम को अन्नपूर्णा रोड स्थित द्वारका गार्डन पहुंचेगी जहाँ भजन संध्या के पश्चात रात्रि विश्राम होगा और शुक्रवार 7 अगस्त को सुबह 9 बजे अन्नपूर्णा मंदिर में मातारानी को चुनरी समर्पण और भगवान शिव की पूजा-अर्चना के बाद यात्रा महू नाका चौराहा, लाल बाग, जयरामपुर कॉलोनी के सामने से कलेक्टोरेट होते हुए यशवंत रोड, राजवाडा पहुंचकर देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद इमली बाजार, सदर बाजार, मरीमाता चौराहा होते हुए बाणगंगा से यह यात्रा रेवती रेंज पहुंचकर रात्रि विश्राम करेगी। इंदौर में विभिन्न स्थानों पर पूरे मार्ग में करीब 300 स्वागत मंच और तोरण द्वार लगाए जा रहे हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कावड़ यात्रा आज महू, 6 अगस्त को इंदौर, 7 को रेवती रेंज, 8 को पंथ पिपलई और 9 अगस्त को उज्जैन पहुंचकर रात्रि विश्राम के बाद सावन के दूसरे सोमवार, 10 अगस्त को सुबह भगवान महाकालेश्वर का जलाभिषेक किया जाएगा। इस दौरान लगभग सभी स्थानों पर यात्रा के भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। यात्रा 7 अगस्त को इंदौर में सुबह 9 बजे से अन्नपूर्णा मंदिर में चुनरी समर्पण के बाद नगर भ्रमण पर निकलेगी।
