इंदौर। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े का एक बड़ा मामला सामने आया है। शातिर आरोपियों ने दो खरीदारों द्वारा वैध रूप से खरीदे गए भूखंड के फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए और उस पर बैंक से लोन स्वीकृत कराकर लाखों की चपत लगा दी। पीड़ितों की संयुक्त शिकायत और जांच के बाद पुलिस ने एक महिला समेत पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, फरियादी अंकित मिश्रा निवासी न्यू पंचशील कॉलोनी, मूसाखेड़ी और उनके साथी आलोक मेहता ने थाने में एक संयुक्त आवेदन सौंपा था। फरियादियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने देवेंद्र नगर स्थित प्लॉट नंबर ९ के अलगअलग हिस्सों १५ बाय १५ वर्ग फीट को मार्च २०२३ में मूल भू-स्वामी डॉ. रामकुमार श्रीवास्तव से विधिवत क्रय किया था। क्रय के साथ ही उन्हें दस्तावेज और जमीन का भौतिक कब्जा मिला था, जिसके बाद से दोनों अपने-अपने नाम से राजस्व विभाग में बाकायदा टैक्स भी जमा कर रहे हैं। इसी बीच आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए उक्त भूखंड के कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उस जमीन को अपना बताकर बैंक में प्रस्तुत कर लोन स्वीकृत करा लिया। जब पीड़ितों को इस धोखाधड़ी की भनक लगी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस से गुहार लगाई। अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद आरोपी संदीप कुमार मिश्रा निवासी अपोलो डीबी सिटी, निपानिया, दुर्गेश शर्मा निवासी एबी रोड, देवास नाका, मंजू खंडेलवाल, उसके पति जय खंडेलवाल दोनों निवासी सुकलिया व स्कीम नंबर ११३ और मोहम्मद अल्ताफ खान निवासी माणिक बाग, चोइथराम रोड के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फर्जीवाड़े में शामिल बैंक खातों और तैयार किए गए दस्तावेजों की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
