
मथुरा-वृंदावन के कलाकार उतरे सड़कों पर, 10 मनोहारी झांकियों ने मोह लिया मन – 50 से अधिक मंचों से हुई पुष्प वर्षा
इंदौर अपने कुलदेवता भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर यादव अहीर समाज केन्द्रीय समिति के तत्वावधान में शुक्रवार सुबह बड़ा गणपति चौराहे से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ गौपूजन के साथ हुआ, जिसमें भगवान कृष्ण के जीवन चरित्र पर आधारित अनेक मनोहारी झांकियां तो आकर्षण का केन्द्र बनी ही, फूलों से सुसज्जित रजत मंडित रथ में विराजित भगवान ऱाधा-कृष्ण एवं लड्डू गोपाल के रथ को महिलाएं अपने हाथों से खींचते हुए चलीं। मथुरा और वृंदावन के लोक कलाकार सड़कों पर उतरे और अपनी नृत्य कला की छटा बिखेरी, वहीं बैंड-बाजे, भजन, गरबा मंडलियां और अखाड़ों में शामिल पहलवान भी अपनी प्रस्तुतियां देते हुए चले।
यादव अहीर समाज केन्द्रीय समिति के संरक्षक दीपू यादव, अध्यक्ष ओंकार यादव ने बताया कि जन्माष्टमी पर निकले रजत जयंती जुलूस में अनेक यादव अहीर संगठन अपनी-अपनी झांकियों सहित शामिल हुए। सुबह बड़ा गणपति चौराहे पर गौपूजन एवं सुसज्जित रजत रथ में विराजित राधा-कृष्ण की प्रतिमा एवं लड्डू गोपाल की पूजा के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष के बीच जुलूस का शुभारंभ हुआ। बड़ा गणपति से श्रम शिविर तक पहुंचने वाले इस जुलूस के मार्ग में 50 से अधिक स्वागत मंच एवं तोरण द्वार बनाए गए थे, जहां से समाज बंधुओं को फलाहार आदि का वितरण भी किया गया। जगह-जगह पुष्प वर्षा भी हुई। अनेक नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण के श्रृंगार में सज-धजकर शामिल हुए। जुलूस दोपहर तीन बजे श्रम शिविर पहुंचा, जहां महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ समाजबंधुओं ने यातायात नियमों का पालन करने तथा वर्षाकाल में अपने आसपास उपयुक्त जगह पौधरोपण का संकल्प भी व्यक्त किया। रुक-रूककर हुई हल्की मध्यम वर्षा के बावजूद समाज बंधुओं का उत्साह देखने लायक था। महिलाओं और बच्चों ने भी नाचते-गाते हुए पूरे उत्साह से जय यादव-जय माधव के उद्घोष के बीच अपनी भागीदारी दर्ज कराई। यात्रा प्रभारी मंगलेश यादव, श्रीमती अंजना यादव एवं अभय यादव, साईं भक्त प्रदीप यादव, कविता यादव, राधा यादव, सुषमा यादव सहित अनेक बंधुओं ने यात्रा मार्ग की व्यवस्थाएं संभाली।
जुलूस में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, पं. कृपाशंकर शुक्ला, महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष रीना बोरासी, पिंटू जोशी, चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सदाशिव यादव, पं. योगेन्द्र महंत, पार्षद विनितिका यादव, बीएसएफ के पूर्व आईजी अशोक यादव, एमआईसी सदस्य निरंजनसिंह चौहान गुड्डू, भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा, संजय शुक्ला, सुदर्शन गुप्ता, पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े, निगम सभापति मुन्नालाल यादव, हरिनारायण यादव, पूर्व पार्षद शंकर यादव, आरडी यादव, बनवारीलाल यादव, विजय यादव, रमेश उस्ताद, इंटक अध्यक्ष श्याम सुंदर यादव, सांई भक्त प्रदीप यादव, राम समुझ यादव, प्रेम यादव, पिंटू यादव, भूरा यादव, नीरज यादव, शिव यादव, बंटी सिद्धार्थ यादव, अक्षय यादव, अमन यादव सहित शहर के अनेक राजनेता एवं विभिन्न यादव अहीर संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जुलूस में यादव विकास समिति, म.प्र. विद्युत मंडल परिवार, दिल्लीवाल यादव अहीर समाज, नंदवंशीय यादव अहीर समाज, केशरबाग रोड यादव संगठन, निमाड़ युवा संगठन सहित कुल 10 झांकियां एवं भजन गायक भी जुलूस में आकर्षण का केन्द्र बने रहे। अभा यादव महासभा, यादव अहीर नंदवंशी समाज, मेवाड़ यादव अहीर समाज, यादव अहीर संघ काछी मोहल्ला, बड़ी ग्वालटोली यादव अहीर समाज, छोटी ग्वालटोली यादव अहीर समाज, यादव अहीर सेना, यादव अहीर समाज सामूहिक विवाह समिति एवं दिल्लीवाल यादव अहीर समाज के आह्वान पर जुलूस में सभी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। झांकियों में भगवान कृष्ण के जीवन चरित्र पर आधारित द्रोपदी के चीरहरण को रोकने, गोवर्धन पर्वत को अंगुली पर उठाने, कंस वध के लिए जाते समय मल्ल युद्ध में हाथी को पराजित करने, जगन्नाथ मंदिर में विराजित राधा-कृष्ण की जीवंत छवि, कालियादेह नाग का मर्दन, रासलीला सहित अनेक प्रसंगों का जीवंत चित्रण किया गया था। शहर के प्रमुख बैंड और अन्य परंपरागत वाद्य यंत्र भी जुलूस के साथ अपनी प्रस्तुतियां देते हुए चले। जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 21 कार्यकर्ताओं तथा जुलूस की अन्य व्यवस्थाओं को सँभालने हेतु 100 सदस्यों की टीम भी तैनात रही। समापन अवसर पर जेलरोड स्थित श्रम शिविर पर आरती के पश्चात फलाहार प्रसाद का वितरण भी किया गया। यहाँ सभी समाज बंधुओं ने यातायात नियमों का पालन करने और वर्षाकाल में उपयुक्त स्थान पर अपने आसपास एक-एक पौधा रोपने का संकल्प भी लिया।
