
इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सोमवार सुबह अपनी अमेरिका यात्रा से लौटकर सबसे पहले हंसदास मठ पहुंचकर संत महापुरुषों से आशीर्वाद प्राप्त किए और श्राद्ध पक्ष में गौसेवा का भी पुण्य लाभ उठाया।
संस्था मातरम के प्रमुख भावेश दवे एवं हरि अग्रवाल ने बताया कि महापौर ने सुबह हंसपीठाधीश्वर स्वामी रामचरण महाराज, महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज एवं अन्य संतों का स्वागत कर उनसे शुभाशीर्वाद प्राप्त किए। संतों ने शॉल-श्रीफल भेंट कर उन्हें शहर के चौतरफा विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए आशीर्वाद प्रदान किए। महामंडलेश्वर पवनदास महाराज ने महापौर की विदेश यात्रा को शहर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन में शहर की विभिन्न समस्याओं का सार्थक समाधान होगा। महापौर ने अमेरिकी विदेश विभाग के प्रतिष्ठित इंटरनेशनल विजिटर लीडरशिप प्रोग्राम में शामिल होकर अमेरिकी शहरों में गर्वनेंस, एआई, तकनीकी नावाचार और भविष्य के शहरों की प्रशासनिक चुनौतियों पर स्वयं अध्ययन किया है जिसका लाभ निश्चित ही शहर के विकास को भी मिलेगा।
