
इंदौर एयरपोर्ट रोड, पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर अधिष्ठाता श्रीमहंत महामंडलेश्वर स्वामी रामचरणदास महाराज एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के सानिध्य में नवरात्रि महोत्सव पर विभिन्न शास्त्रोक्त अनुष्ठान चल रहे हैं। मठ के पं. अमित दास महाराज ने बताया कि मंडल स्थापना, कलश, जवारे एवं अखंड दीप की स्थापना कर नवगृह शोडष मातरिका पूजन के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। महोत्सव में प्रतिदिन विद्वान आचार्यों के निर्देशन में हंसदास संस्कृत विद्यापीठ के वेदपाठी बटुकों द्वारा मां अन्नपूर्णा, मां गायत्री एवं मां सरस्वती के समक्ष नवरात्रि में संपुटित दुर्गा सप्तशती के पाठ भी जारी हैं। इस अवसर पर प्रतिदिन तीनों माताओं का आकर्षक श्रृंगार भी किया जा रहा है। मठ पर आकर्षक विद्युत एवं पुष्प सज्जा भी आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। ललिता पंचमी पर माँ का विशेष श्रृंगार होगा। नवमी पर सुबह दुर्गा सप्तशती पाठ की पूर्णाहुति एवं कन्या भोज तथा पूजन के साथ महोत्सव का समापन होगा।
